Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

झाबुआ में भीषण सड़क हादसा : कार और टैंकर की टक्कर में 9 लोगों की मौत, एक बच्ची घायल

Follow on Google News
झाबुआ में भीषण सड़क हादसा : कार और टैंकर की टक्कर में 9 लोगों की मौत, एक बच्ची घायल

झाबुआ। मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार कार और टैंकर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह दर्दनाक हादसा थांदला थाना क्षेत्र के सजेली फाटक के पास रात लगभग 2 बजे हुआ।

शादी समारोह से लौट रहे थे

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग थांदला क्षेत्र के चेनपुरी गांव के आसपास के निवासी थे और एक शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में सजेली फाटक के पास उनकी कार की आमने-सामने टक्कर एक टैंकर से हो गई। कार में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें से 9 की मौके पर मौत हो गई और एक 4 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल है, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी

हादसे की सूचना मिलते ही थांदला थाना पुलिस और नोगावा पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शवों को बाहर निकाला और घायल बच्ची को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए झाबुआ-थांदला मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा।

पुलिस ने शुरू की जांच

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और रात के समय कम दृश्यता को हादसे का संभावित कारण बताया जा रहा है। टैंकर चालक की तलाश की जा रही है, जो घटनास्थल से फरार हो गया।

ये भी पढ़ें- उज्जैन : शिप्रा तीर्थ परिक्रमा का शुभारंभ आज, ध्वज पूजन से होगी यात्रा की शुरुआत, गुरूवार को सीएम होंगे शामिल

Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar

Latest Posts