VIDEO : हिमाचल में भारी बारिश से मचा कोहराम, कई जगह भूस्खलन; 7 जिलों में रेड अलर्ट, 5 जिलों में बाढ़ की चेतावनी

Follow on Google News
VIDEO : हिमाचल में भारी बारिश से मचा कोहराम, कई जगह भूस्खलन; 7 जिलों में रेड अलर्ट, 5 जिलों में बाढ़ की चेतावनी
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता से मूसलाधार बारिश हो रही है। राजधानी शिमला समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को दिन भर बारिश का दौर जारी रहा। लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह भूस्खलन की घटनाओं से कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। इससे पर्यटकों के आगमन में भारी गिरावट आने से पर्यटन सीजन प्रभावित हुआ है। इस वीकेंड पर पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में होटलों में ऑक्यूपेंसी 80 फीसदी से गिरकर 30 फीसदी रह गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टों के दौरान मैदानी एवं मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में व्यापक बारिश की आशंका जताई है। राज्य के कुल 12 में से 7 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इनमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा, कांगड़ा, कूल्लु और मंडी जिले शामिल हैं। राज्य की राजधानी शिमला में भी भारी बारिश होने की संभावना है। शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट और लाहौल-स्पीति जिला में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

7 जिलों में रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने पांच जिलों चम्बा, कांगड़ा, कूल्लु, लाहौल-स्पीति और सिरमौर जिलों में बाढ़ की भी चेतावनी दी है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान से राज्य के संवेदनशील इलाकों में मध्यम से भारी भूस्खलन और चट्टान गिरने के कारण और सड़क मार्ग बंद होने की आशंका है। इसे देखते हुए शासन ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों को संवेदनशील स्थलों और नदियों के करीब न जाने की सलाह दी है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि 12 जुलाई तक राज्य में मौसम खराब रहेगा। अगले दो दिन यानी 9 व 10 जुलाई को व्यापक बारिश होने का अनुमान है।

सिरमौर में सबसे अधिक बारिश

बीते 24 घण्टों के दौरान सिरमौर जिला के विभिन्न इलाकों में व्यापक बारिश हुई। जिले के रेणुका व ददाहू में सर्वाधिक नौ-नौ सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा संगड़ाह में आठ, नाहन व पच्छाद में छह-छह, जतोन बैरेज व शिमला में पांच-पांच, धर्मशाला में चार, धरमपुर व कसौली में तीन-तीन, कंडाघाट, झंडुता, मशोबरा, नारकंडा, राजगढ़, भरमौर व शिलारू में दो-दो, शिमला, सोलन, अर्की, कोटखाई, रोहड़ू व खदराला में एक-एक सेंटीमीटर बारिश हुई है।

भूस्खलन से 133 सड़कें अवरुद्ध

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को राज्य भर में भूस्खलन से 133 सड़कें, 69 ट्रांसफार्मर और 73 पेयजल स्कीमें अवरुद्ध हुईं। लोकनिर्माण विभाग के शिमला ज़ोन में सबसे ज्यादा 88, मंडी में 25, कांगड़ा व हमीरपुर में 10-10 सड़कें अवरुद्ध हैं।

शिमला में धंसी सड़क

राजधानी शिमला के उपनगर संजौली में संजौली-ढिंगू माता मंदिर सड़क भूस्खलन के कारण धंस गई। इस कारण ढिंगू माता मंदिर को जाने वाली सड़क अवरुद्ध हो गई। भूस्खलन से कई घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। सोलन जिला में बीती रात से जारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। कसौली उपमण्डल में किम्बुघाट-चक्कीमोड़ वाया दोची सड़क पर भूस्खलन से दो निर्माणाधीन मकानों को नुकसान पहुंचा है।

दो सप्ताह में 45 लोगों की जान गई, 80 घायल

राज्य में 24 जून को मानसून के आगमन के बाद से बारिश से जुड़ी आपदाएं सामने आ रही हैं। अब तक बारिश से संबंधित घटनाओं में 45 लोगों की मौत हुई और 80 घायल हो गए। जबकि चार लापता हैं। 354 मवेशी भी इस दौरान मारे गए हैं। इसके अलावा 70 कच्चे-पक्के मकान, 7 दुकानें और 34 पशुशालाएं भी धराशायी हुई हैं। मानसून सीजन में अब तक 362 करोड़ की संपत्ति की क्षति हुई है। लोक निर्माण विभाग को 204 करोड़ की क्षति हुई है, जबकि जलशक्ति विभाग को 127 करोड़ और बागबानी विभाग को 26 करोड़, बिजली बोर्ड को 92 लाख और शहरी विकास विभाग को 38 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। बीते दो सप्ताह में भूस्खलन की 17, बाढ़ की 15 और बादल फटने की एक घटना सामने आई है। https://twitter.com/psamachar1/status/1677664514718801920?t=sthJRXv2N_VNMG-YLW7Log&s=08 ये भी पढ़ें- Dhar News : कुक्षी के ढोल्या गांव में मिला तेंदुए का शव, गाड़ी की टक्कर से मौत की आशंका
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts