Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Anxiety Disorder: सब कुछ ठीक होने पर भी क्यों बेचैन रहता है मन? जानिए इसके लक्षण और बचाव के तरीके

करियर, पढ़ाई और रिश्तों की चिंता के बीच युवा एंग्जायटी का सामना कर रहे हैं। जानिए Anxiety Disorder क्या है, दिमाग का अमिग्डाला इसमें कैसे काम करता है, पेट पर इसका असर क्यों पड़ता है, ओवरथिंकिंग और एंग्जायटी में क्या अंतर है और CBT, योग, मेडिटेशन व ब्रीदिंग एक्सरसाइज से राहत पाने में कैसे मदद मिल सकती है।
Anxiety Disorder: सब कुछ ठीक होने पर भी क्यों बेचैन रहता है मन? जानिए इसके लक्षण और बचाव के तरीके
खुशी के पलों में भी क्यों घबराता है मन? समझिए एंग्जायटी का पूरा सच

कभी पढ़ाई का दबाव, कभी करियर की चिंता और कभी रिश्तों में परेशानी... आज की युवा पीढ़ी कई तरह के तनाव से गुजर रही है। कई बार ऐसा होता है कि जिंदगी में सब कुछ सामान्य चल रहा होता है, लेकिन फिर भी मन में बेचैनी बनी रहती है। छोटी-छोटी बातें दिमाग में घूमती रहती हैं और भविष्य को लेकर अनजाना डर सताने लगता है। ऐसी स्थिति में अक्सर लोग इसे ओवरथिंकिंग समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन क्या हर समय चिंता करना सिर्फ ज्यादा सोचने की आदत है या इसके पीछे कोई मानसिक समस्या भी हो सकती है? दरअसल, जब चिंता और डर लंबे समय तक बने रहें और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने लगें, तो यह एंग्जायटी डिसऑर्डर का संकेत हो सकता है। एंग्जायटी सिर्फ मन में डर महसूस करने तक सीमित नहीं है। इसका असर शरीर पर भी दिखाई दे सकता है। आइए जानते हैं कि एंग्जायटी क्या है, इसके पीछे क्या वजह होती है और इससे राहत पाने के लिए क्या किया जा सकता है।

दिमाग का अलार्म सिस्टम बिना खतरे के भी हो सकता है एक्टिव

हमारे दिमाग में अमिग्डाला (Amygdala) नाम का एक हिस्सा होता है। यह डर और खतरे को पहचानने में अहम भूमिका निभाता है। जब हमें किसी खतरे का एहसास होता है, तो यह दिमाग को सतर्क करता है और शरीर को उससे निपटने के लिए तैयार करता है। लेकिन एंग्जायटी की स्थिति में कई बार दिमाग का यह अलार्म सिस्टम बिना किसी वास्तविक खतरे के भी सक्रिय हो जाता है। ऐसे में व्यक्ति को लगता है कि कुछ बुरा होने वाला है, जबकि असल में उसके आसपास कोई खतरा नहीं होता। यही वजह है कि कई बार सब कुछ सामान्य होने के बावजूद मन बेचैन रहता है।

एंग्जायटी का असर पेट पर भी पड़ता है

क्या आपने कभी घबराहट के दौरान पेट में हलचल, मितली या बार-बार टॉयलेट जाने की परेशानी महसूस की है? ऐसा दिमाग और पेट के बीच मौजूद संबंध के कारण हो सकता है। इसे गट-ब्रेन एक्सिस (Gut-Brain Axis) कहा जाता है। हमारा दिमाग और पाचन तंत्र एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं। जब व्यक्ति तनाव या चिंता में होता है, तो इसका असर पाचन पर भी पड़ सकता है। इसी कारण कुछ लोगों को घबराहट के समय पेट में परेशानी महसूस होती है।

ज्यादा सोचना और एंग्जायटी एक जैसी नहीं

अक्सर लोग ज्यादा सोचने को ही एंग्जायटी समझ लेते हैं, जबकि दोनों में अंतर है। ओवरथिंकिंग में व्यक्ति किसी बात को बार-बार सोचता है, लेकिन एंग्जायटी में कई बार वह उन घटनाओं से भी डरने लगता है, जो अभी हुई ही नहीं हैं। उदाहरण के लिए, अगर किसी ने आपका मैसेज पढ़कर जवाब नहीं दिया, तो मन में कई सवाल आने लगते हैं। कहीं वह नाराज तो नहीं? क्या मैंने कुछ गलत कह दिया? क्या हमारे रिश्ते में कोई परेशानी है? हालांकि, कभी-कभार ऐसा सोचना एंग्जायटी डिसऑर्डर होने का प्रमाण नहीं है। इसकी पहचान लक्षणों की अवधि और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाले असर से होती है।

खतरा महसूस होते ही शरीर हो जाता है अलर्ट

एंग्जायटी के दौरान शरीर में फाइट, फ्लाइट और फ्रीज (Fight, Flight, Freeze) प्रतिक्रिया सक्रिय हो सकती है। यह शरीर का प्राकृतिक बचाव तंत्र है। जब दिमाग किसी खतरे को महसूस करता है, तो शरीर उससे निपटने की तैयारी करने लगता है। इस दौरान दिल की धड़कन तेज होना, सांसों में बदलाव और मांसपेशियों में तनाव महसूस हो सकता है। कुछ लोगों को ऐसी स्थिति में ठीक से सोचने या बोलने में भी परेशानी होती है। एंग्जायटी में यह प्रतिक्रिया कई बार बिना किसी वास्तविक खतरे के भी महसूस हो सकती है।

खुशी के मौके पर भी हो सकती है बेचैनी

एंग्जायटी की एक खास बात यह है कि इसमें व्यक्ति सिर्फ परेशानियों के समय ही नहीं, बल्कि खुशी के मौकों पर भी बेचैन हो सकता है। उदाहरण के लिए, नई नौकरी मिलने, घूमने जाने या किसी अच्छे मौके के आने पर भी मन में डर बना रह सकता है। ऐसे में व्यक्ति सोचने लगता है कि कहीं सब कुछ खराब न हो जाए। यानी खुशी के पल में भी दिमाग संभावित परेशानियों के बारे में सोचने लगता है।

CBT थेरेपी से विचारों को समझने में मिलती है मदद

मनोचिकित्सक डॉ. दीप्ति सिंघल के मुताबिक, एंग्जायटी से परेशान लोगों के इलाज में CBT यानी कॉग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी (Cognitive Behavioural Therapy) मददगार हो सकती है। इस थेरेपी में व्यक्ति को अपने विचारों, व्यवहार और किसी परिस्थिति पर प्रतिक्रिया देने के तरीके को समझना सिखाया जाता है। इसके साथ ही माइंडफुलनेस तकनीक के जरिए वर्तमान समय पर ध्यान देना और मुश्किल परिस्थितियों को संभालना सिखाया जाता है। डॉक्टर के मुताबिक, बॉडी रिलैक्सेशन की तकनीक भी इसमें मदद करती है। इससे व्यक्ति अपने शरीर के तनाव को कम करने का अभ्यास कर सकता है।

योग और मेडिटेशन से भी मिल सकती है राहत

डॉ. राहुल शर्मा के अनुसार, एंग्जायटी के मामले बढ़ते नजर आ रहे हैं। एंग्जायटी के दौरान शरीर का सिम्पैथेटिक नर्वस सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिससे बेचैनी और तनाव महसूस होता है। इस स्थिति को संभालने के लिए योग, मेडिटेशन और बेहतर दिनचर्या मददगार हो सकते हैं। इसके अलावा ब्रीदिंग एक्सरसाइज, पैदल चलना और खेलों में हिस्सा लेना भी फायदेमंद हो सकता है। JPMR यानी जैकबसन प्रोग्रेसिव मसल रिलैक्सेशन तकनीक में मांसपेशियों को कुछ समय के लिए तनाव देकर फिर ढीला छोड़ना सिखाया जाता है। इससे शरीर को आराम देने में मदद मिल सकती है। डॉ. शर्मा के मुताबिक, क्लासिकल म्यूजिक सुनना भी मन को शांत करने में सहायक हो सकता है।

हर बार डर महसूस होना जरूरी नहीं

एंग्जायटी का मतलब हमेशा डर या घबराहट महसूस करना नहीं होता। कुछ लोगों में इसके लक्षण लगातार थकान, चिड़चिड़ापन, ध्यान लगाने में परेशानी और नींद खराब होने के रूप में भी दिखाई दे सकते हैं। जरूरी नहीं कि हर व्यक्ति को एक जैसे लक्षण महसूस हों। अगर चिंता लंबे समय तक बनी रहती है, पढ़ाई, काम, रिश्तों या रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डालती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में मनोवैज्ञानिक या मनोचिकित्सक से सलाह लेना जरूरी है। जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ थेरेपी या दवाइयों की सलाह दे सकते हैं। याद रखें, एंग्जायटी कमजोरी नहीं है और न ही इसे सिर्फ 'ज्यादा मत सोचो' कहकर दूर किया जा सकता है। सही जानकारी, समय पर विशेषज्ञ की मदद और बेहतर दिनचर्या से इसे संभालना संभव है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts