PU Special :गोरा बनाने वाली क्रीम से नेल पेंट-लिपस्टिक तक, खूबसूरती के केमिकल त्वचा से किडनी तक पहुंचा सकते हैं नुकसान

गोरा बनाने वाली पाकिस्तानी क्रीम में मौजूद पारे से किडनी को नुकसान पहुंचने का खतरा सामने आने के बाद अन्य कॉस्मेटिक्स के रसायनों पर भी सवाल उठ रहे हैं। नेल पेंट, लिपस्टिक, हेयर कलर और मस्कारा में मौजूद कुछ केमिकल एलर्जी, त्वचा में जलन और आंतरिक अंगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
गोरा बनाने वाली क्रीम से नेल पेंट-लिपस्टिक तक, खूबसूरती के केमिकल त्वचा से किडनी तक पहुंचा सकते हैं नुकसान
फाइल फोटो

प्रवीण श्रीवास्तव, भोपाल। चेहरे का रंग निखारने के लिए पाकिस्तानी गोरी क्रीम के इस्तेमाल के बाद किडनी को होने वाले नुकसान ने कॉस्मेटिक्स के उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लेकिन खतरा सिर्फ गोरा बनाने वाली क्रीम तक सीमित नहीं है। रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले नेल पेंट, लिपस्टिक, हेयर कलर, मस्कारा, बॉडी स्प्रे और बॉडी प्रॉडक्ट में भी ऐसे रसायन और भारी धातुएं होती हैं, जो त्वचा से लेकर शरीर के आंतरिक अंगों तक को प्रभावित कर सकती हैं। कुछ क्रीमों में मौजूद पारा त्वचा के रास्ते खून में पहुंचकर किडनी में जमा हो सकता है, वहीं दूसरे उत्पादों में मौजूद केमिकल एलर्जी, जलन, सूजन, बाल झड़ने और त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। यानी खूबसूरत दिखने के लिए रोज इस्तेमाल किए जाने वाले उत्पादों में भी सेहत के लिए खतरा छिपा हो सकता है। हालांकि हर उत्पाद में ये तत्व मौजूद नहीं होते, लेकिन मिलावट, घटिया गुणवत्ता और लंबे समय तक इस्तेमाल जोखिम बढ़ा सकते हैं।

क्रीम से कैसे होते हैं गोरे और नुकसान क्या 

शरीर में मौजूद मेलेनिन पिगमेंट त्वचा को उसका प्राकृतिक रंग देने का काम करता है। इसका निर्माण टायरोसीनेज एंजाइम के माध्यम से होता है। फेस क्रीम में मौजूद पारा और अन्य केमिकल टायरोसीनेज एंजाइम की एक्टीविटी को रोक देता है, जिससे मेलेनिन का निर्माण कम होने लगता है और त्वचा का रंग हल्का दिखाई देता है। वहीं क्रीम लगाने पर अकार्बनिक पारा त्वचा से अवशोषित होकर शरीर में पहुंच सकता है। इसके बाद रक्त के जरिए किडनी तक पहुंचकर वहां की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाता है। कईशोध में इसके कारण मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी के मामले भी सामने आए हैं।

पारे के अलावा भी कई केमिकल त्वचा के लिए नुकसानदायक 

ब्यूटी प्रोडक्ट्स में इस्तेमाल होने वाले दूसरे रसायन भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। स्किन व्हाइटनिंग क्रीम में हाइड्रोक्विनोन का अनियंत्रित इस्तेमाल त्वचा पर स्थायी काले-नीले धब्बे, सूजन और एलर्जी पैदा कर सकता है। कुछ प्रॉडक्ट में आर्सेनिक, कैडमियम, लेड और निकेल जैसी भारी धातुएं कुछ कॉस्मेटिक्स में अशुद्धि के रूप में मिल सकती हैं। इनका अधिक या लंबे समय तक संपर्क शरीर के विभिन्न अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। हेयर कलर में पीपीडी और नेल पेंट में फॉर्मल्डिहाइड जैसे रसायन एलर्जी और त्वचा में जलन पैदा कर सकते हैं।

Breaking News

अलग-अलग ब्यूटी प्रोडक्ट्स में छिपे केमिकल और उनके खतरे 

  • नेल पेंट: टोल्यून, फॉर्मल्डिहाइड और फ्थैलेट्स (DBP) : नाखून कमजोर होने, त्वचा में जलन और एलर्जी
  • स्किन व्हाइटनिंग क्रीम: मरकरी, हाइड्रोक्विनोन और अनियंत्रित स्टेरॉयड : त्वचा पर दाग, सूजन, संक्रमण, किडनी को नुकसान  
  • हेयर कलर: पीपीडी (PPD) जैसे केमिकल : सिर की त्वचा में खुजली, सूजन, फफोले और एलर्जी 
  • लिपस्टिक: लेड, कैडमियम और क्रोमियम : तंत्रिका तंत्र और किडनी पर असर पड़ने का खतरा रहता है।
  • मस्कारा और आई मेकअप: थायोमर्सल और फिनाइल मरक्यूरिक साल्ट : आंखों में जलन या एलर्जी का खतरा हो सकता है। 

पारा त्वचा-खून के जरिए किडनी तक पहुंचता है 

इस बारे में सीनियर नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. संजय गुप्ता का कहना है कि पारा त्वचा के माध्यम से खून के जरिए किडनी तक पहुंचता है। वहां किडनी में मौजूद फिल्टर कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाना शुरू कर देती हैं। धीरे धीरे किडनी फैल्योर तक हो सकता है। असर 15 से 20 दिन में शुरू हो सकता है।

ये भी पढ़ें: बैतूल में शराब छुड़ाने की दवा बनी जानलेवा, जड़ी-बूटी का घोल पीने से 2 की मौत, 5 अस्पताल में भर्ती

केमिकल त्वचा की प्राकृतिक नमी और सुरक्षा परत को हानि पहुंचा सकते हैं

हमीदिया अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन पंड्या का कहना है कि ब्यूटी प्रोडक्ट में मौजूद पैराबेन, सल्फेट, कृत्रिम खुशबू और अल्कोहल जैसे केमिकल त्वचा की प्राकृतिक नमी और सुरक्षा परत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे खुजली, जलन, लालिमा, एलर्जी, मुंहासे और त्वचा में रूखापन हो सकता है। संवेदनशील त्वचा वालों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts