Tulsi Vivah 2026: 20 या 21 नवंबर... कब है तुलसी विवाह? जानें शुभ मुहूर्त और धार्मिक महत्व

हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है। हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। इस दिन घरों में तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया जाता है और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। मान्यता है कि तुलसी विवाह के बाद शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। आइए जानते हैं इस साल तुलसी विवाह की तारीख, पूजा का शुभ मुहूर्त और इसका धार्मिक महत्व।
21 नवंबर को मनाया जाएगा तुलसी विवाह
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वादशी तिथि की शुरुआत 21 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगी। वहीं, इसका समापन 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर होगा। उदयातिथि के आधार पर इस साल तुलसी विवाह का पर्व 21 नवंबर 2026, शनिवार को मनाया जाएगा। वहीं, देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को रखा जाएगा। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा की जाती है।
तुलसी विवाह 2026 का शुभ मुहूर्त
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी विवाह के लिए शाम का समय शुभ माना जाता है। खासतौर पर गोधूलि बेला में विवाह की रस्में कराना अच्छा माना जाता है।
तारीख: 21 नवंबर 2026, शनिवार
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:41 बजे से 6:08 बजे तक
तुलसी विवाह का क्या है धार्मिक महत्व?
धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहती है। माना जाता है कि इस आयोजन से परिवार पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा होती है। जिन लोगों के विवाह में देरी हो रही है या शादी में बार-बार रुकावटें आ रही हैं, उनके लिए भी तुलसी विवाह कराना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराने से कन्यादान के बराबर पुण्य प्राप्त होता है। यही वजह है कि लोग इस दिन घरों में विधि-विधान से तुलसी विवाह का आयोजन करते हैं।
तुलसी विवाह से जुड़ी है वृंदा की पौराणिक कथा
माता तुलसी का संबंध मां लक्ष्मी से माना जाता है, जबकि भगवान शालिग्राम को भगवान विष्णु का स्वरूप कहा गया है। तुलसी विवाह के पीछे वृंदा और भगवान विष्णु से जुड़ी एक पौराणिक कथा प्रचलित है। कथा के अनुसार, वृंदा भगवान विष्णु की परम भक्त थीं। उनकी तपस्या और भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने उन्हें तुलसी के रूप में पूजे जाने का वरदान दिया। तभी से तुलसी को पवित्र और पूजनीय माना जाता है। इसी मान्यता के आधार पर हर साल तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराया जाता है।



















