मध्यप्रदेश से हरदीप पुरी को राज्यसभा भेजने पर कांग्रेस का विरोध, भोपाल में फूंका पुतला

भोपाल। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के भाजपा के फैसले का कांग्रेस ने विरोध किया है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस फैसले पर सवाल उठाए। वहीं भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन करते हुए हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया।
जीतू पटवारी ने भाजपा के फैसले पर उठाए सवाल
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस ने इस फैसले को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए और उम्मीदवार चयन का विरोध जताया।
बरखेड़ा पठानी में ब्लॉक कांग्रेस ने फूंका पुतला
भोपाल के बरखेड़ा पठानी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी साकेत नगर के अध्यक्ष सुशील प्रजापति के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया गया। इसके अलावा युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय के सामने कार्यकर्ताओं ने हरदीप सिंह पुरी का पुतला फूंका और भाजपा के फैसले के खिलाफ नारेबाजी की।
सुशील प्रजापति ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील प्रजापति ने हरदीप सिंह पुरी को लेकर एपस्टीन से संबंधों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश से ऐसे व्यक्ति को राज्यसभा भेजने का रास्ता दिया जा रहा है, जिसे वे एपस्टीन का दोस्त बता रहे हैं। सुशील प्रजापति ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, मुख्यमंत्री इतने कमजोर हो गए हैं कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले व्यक्ति के दोस्त को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने का विरोध नहीं कर पा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी का विरोध जारी रखने की बात कही है।




















