मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट पर 31 अक्टूबर तक भाजपा खोलेगी पत्ते, बाहरी प्रत्याशी के आसार

एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट पर 26 अक्टूबर से नामांकन शुरू होंगे। भाजपा 31 अक्टूबर तक प्रत्याशी घोषित कर सकती है। हरदीप सिंह पुरी के नाम की भी चर्चा है।
मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट पर 31 अक्टूबर तक भाजपा खोलेगी पत्ते, बाहरी प्रत्याशी के आसार
राज्यसभा सीट पर 31 अक्टूबर तक भाजपा खोलेगी पत्ते

भोपाल। केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 26 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं, भाजपा हाईकमान 31 अक्टूबर तक अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकता है। इस बार भी प्रदेश से बाहर के किसी नेता को प्रत्याशी बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि मध्यप्रदेश के दावेदारों ने भी अपनी ओर से लॉबिंग तेज कर दी है।

दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद बढ़ी हलचल

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ लंबी चर्चा करके लौटे हैं। इसके बाद राज्यसभा सीट को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी के भीतर उम्मीदवार के नाम को लेकर मंथन जारी है और अब सभी की नजर केंद्रीय नेतृत्व के फैसले पर है। इस सीट के लिए 26 अक्टूबर से 2 नवंबर तक नामांकन जमा किए जा सकेंगे। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 5 नवंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद 12 नवंबर को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के लिए 16 नवंबर की तारीख तय की गई है।

बाहरी प्रत्याशी की संभावना, आदिवासी नेताओं को भी उम्मीद

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से मध्यप्रदेश से बाहर के किसी नेता को उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, प्रदेश के दावेदार भी इस सीट के लिए सक्रिय हैं और अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। मध्यप्रदेश के आदिवासी नेताओं को भी इस बार राज्यसभा में प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद है। उनकी दावेदारी के पीछे तर्क है कि फिलहाल मध्यप्रदेश के कोटे से अनुसूचित जनजाति (अजजा) वर्ग का कोई सदस्य राज्यसभा में नहीं है। ऐसे में आदिवासी नेताओं को उम्मीद है कि पार्टी इस वर्ग को प्रतिनिधित्व देने का अवसर दे सकती है। हालांकि भाजपा ने अभी तक उम्मीदवार के नाम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व को करना है।

हरदीप सिंह पुरी के नाम की भी चर्चा

इस राज्यसभा सीट के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम भी चर्चा में है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पुरी का राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। उनके पास केंद्र सरकार में पेट्रोलियम जैसा महत्वपूर्ण मंत्रालय है और पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें बनाए रखने के संकेत मिलने की बात कही जा रही है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मध्यप्रदेश से खाली हुई राज्यसभा सीट पर भाजपा उन्हें उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

MP की राज्यसभा सीट पर सस्पेंस, हरदीप पुरी से आदिवासी चेहरों तक दावेदारी

2 अप्रैल 2030 तक रहेगा नए सदस्य का कार्यकाल

इस सीट पर निर्वाचित होने वाले नए सदस्य का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक रहेगा। ऐसे में यह सीट भाजपा के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब देखना होगा कि पार्टी प्रदेश के किसी नेता को मौका देती है या फिर केंद्रीय नेतृत्व किसी बाहरी चेहरे पर भरोसा जताता है।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts