हरदा: सुअर पकड़ने पहुंची नगर पालिका की टीम का महिलाओं ने किया विरोध, पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक

हरदा। नगर पालिका और इंदौर से आई टीम पुलिस बल के साथ श्रीधाम कालोनी में सुअर पकड़ने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान महिलाओं ने नगर पालिका अमले का विरोध किया और लाठियां तान दीं। जिसके बाद नोंकझोंक हुई।
लोगों ने सुअरों को बाहर कर फिर से छोड़ा
नपा कर्मियों ने महिलाओं को नगर पालिका के आदेश का हवाला देते हुए समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाओं ने एक ना सुनी और आगे बढ़ते हुए सुअरों को पिकअप से बाहर कर फिर से खुल्ला छोड़ दिया। सुअरों को छोड़ने की बात पर महिलाओं और नपा कर्मियों के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं।
ये भी पढ़ें: बेटे की गाड़ी बनी कमाई का जरिया! पंचायत निधि से 5 लाख से ज्यादा भुगतान,तीन पर FIR
पुलिस की भूमिका पर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस बल मौके पर मौजूद होने के बावजूद नगर पालिका कर्मचारियों और महिलाओं के बीच हुए विवाद में प्रभावी तरीके से बीच-बचाव नहीं कर पाया। उधर, नगर पालिका प्रशासन अब घटना को गंभीरता से लेते हुए शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। इसके लिए नगर पालिका ने पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा है।
पुलिस कार्रवाई में जुटी
नगर पालिका कर्मियों के साथ इंदौर से आई टीम थाना कोतवाली पहुंची, जहां पूरे मामले की शिकायत की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला होने की वजह से पुलिस जवान उन पर जवाबी कार्रवाई नहीं कर सके। शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर बाधा उत्पन्न करने वालों की पहचान की जा रही है। जिनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।














