ग्वालियर में दर्दनाक हादसा:कमरे में जिंदा जला युवक, 20 दिन पहले हुई थी पत्नी की मौत

ग्वालियर। नदीपार टाल इलाके में युवक की आग से मौत हो गई। घटना के समय मृतक नशे में था। सिलेंडर ब्लास्ट की चर्चा को पुलिस ने खारिज किया है, पुलिस बीड़ी या सिगरेट से आग लगने की आशंका पर जांच कर रही है। आग लगने के कारणों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, लेकिन पुलिस ने गैस सिलेंडर फटने की संभावना से इनकार किया है।
पत्नी की मौत के बाद डिप्रेशन में था युवक
थाटीपुर थाना क्षेत्र के नदीपार टाल निवासी व्यक्ति मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। करीब एक महीने पहले उसकी पत्नी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।
ये भी पढ़ें: मुंबई लोकल ट्रेन में गेट बंद करने को लेकर हुआ विवाद, चाकू मारकर युवक की हत्या; CCTV में कैद हुआ आरोपी
सुबह से पी रहा था शराब
सुबह से ही विजय अपने घर के एक कमरे में कुंडी लगाकर बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि वह लगातार शराब पी रहा था और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रहा था। देर रात तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला। परिजनों को भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों में एक बड़ा हादसा होने वाला है। रात के समय अचानक कमरे से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं।
कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचा परिवार
रात करीब 11 बजे कमरे की खिड़की और दरवाजे से धुआं निकलता देख परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचने की कोशिश की। आग बुझाने के प्रयास भी किए गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आग तेजी से फैल चुकी थी और विजय गंभीर रूप से झुलस गया था। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: कोलकाता में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिरा, लोहे के स्ट्रक्चर के नीेचे कई मजदूर फंसे
पुलिस कर रही जांच
आसपास के लोगों को लगा कि गैस सिलेंडर के फटने से आग लगी है, हालांकि पुलिस को मौके पर कोई सिलेंडर फटा हुआ नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार आसपास के लोगों को जो आवाज सुनाई दी, उसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि नशे की हालत में बीड़ी या सिगरेट जलाने के दौरान कपड़ों या बिस्तर में आग लगी होगी।












