Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ग्वालियर में गड्ढों वाली सड़कों से निकलेंगी गणेश प्रतिमाएं, सुरक्षित विसर्जन को लेकर चिंता

ग्वालियर में गड्ढों और खुदी सड़कों के बीच गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन को लेकर चिंता बढ़ी। सागरताल जाने वाले प्रमुख मार्गों पर कई जगह सड़क खराब है।
ग्वालियर में गड्ढों वाली सड़कों से निकलेंगी गणेश प्रतिमाएं, सुरक्षित विसर्जन को लेकर चिंता
गड्ढों वाली सड़कों से निकलेंगी गणेश प्रतिमाएं

ग्वालियर। गणेश महोत्सव के बीच शहर की बदहाल और गड्ढों से भरी सड़कें गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं। विसर्जन के लिए निकलने वाली बड़ी गणेश प्रतिमाओं के जुलूस इन्हीं उबड़-खाबड़ रास्तों से होकर सागरताल पहुंचेंगे। कई प्रमुख मार्गों पर अभी भी गहरे गड्ढे, खुदी सड़कें और जगह-जगह फैली गिट्टी-मुरम के कारण रास्ते सुगम नहीं हैं। बारिश के बाद सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य बड़े वाहनों पर रखी गणेश प्रतिमाओं के साथ जुलूस निकलने के दौरान अचानक सामने आने वाले गड्ढे परेशानी खड़ी कर सकते हैं। पिछले वर्षों में शिंदे की छावनी के खल्लासीपुरा में गणेश प्रतिमा गिरने की घटना भी सामने आ चुकी है। ऐसे में इस बार प्रशासन के सामने प्रतिमाओं को सुरक्षित विसर्जन स्थल तक पहुंचाने की चुनौती है। शहर की बदहाल सड़कों का मामला पहले ही हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है। दूसरी ओर नगर निगम की ओर से पेच रिपेयरिंग का काम शुरू किया गया है, लेकिन विसर्जन मार्ग के कई हिस्सों में अभी भी सड़क की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

हजीरा से चार शहर का नाका तक जगह-जगह गड्ढे

हजीरा से चार शहर का नाका चौराहे तक करीब 550 मीटर लंबा मार्ग है। हजीरा मार्केट के आसपास सड़क पर छोटे-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। सड़क सीमेंट कंक्रीट की होने के बावजूद लोगों की ओर से अलग-अलग स्थानों पर की गई खुदाई के कारण कई जगह ट्रेंच बन गए हैं। चार शहर का नाका चौराहा भी फिलहाल पूरी तरह व्यवस्थित नहीं है। चौराहे का बड़ा हिस्सा खुदा हुआ है और यहां से वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही है। सड़क पर पड़ी गिट्टी भी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुश्किल पैदा कर रही है।

चार शहर के नाका से सागरताल तक भी मुश्किल रास्ता

चार शहर का नाका से सागरताल चौराहे तक करीब 2446 मीटर का रास्ता है। इस मार्ग पर माता के मंदिर के सामने, मछली मंडी के पास और सागरताल नाले से पहले सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। इन गड्ढों में बड़े वाहन फंसने पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तक डगमगाने लगती हैं। कुछ स्थानों पर पेच रिपेयरिंग की गई है, लेकिन सड़क पर मुरम और गिट्टी डाले जाने के कारण कई हिस्से अभी ऊबड़-खाबड़ हैं। ऐसे रास्ते पर बड़ी गणेश प्रतिमाओं के साथ निकलने वाले वाहनों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।

सागरताल से बहोड़ापुर तिराहे तक सड़क का बड़ा हिस्सा निर्माणाधीन

सागरताल चौराहे से बहोड़ापुर तिराहे तक करीब 700 मीटर सड़क है। इस मार्ग का एक हिस्सा फिलहाल आवागमन के लिए चालू है, जबकि दूसरे हिस्से में पाइपलाइन डालने के बाद सड़क के रेस्टोरेशन का काम चल रहा है। निर्माण के चलते सड़क के बड़े हिस्से में मुरम और गिट्टी डाली गई है, जिसके कारण वहां से सामान्य आवागमन भी प्रभावित है। इसी मार्ग पर तीन से चार बड़े गड्ढे भी मौजूद हैं। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस के दौरान यह हिस्सा चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।

बहोड़ापुर से शिंदे की छावनी तक उबड़-खाबड़ रास्ता

बहोड़ापुर तिराहे से शिंदे की छावनी तक करीब 2900 मीटर लंबा मार्ग है। बहोड़ापुर से शिंदे की छावनी की ओर बढ़ते ही सड़क की स्थिति उबड़-खाबड़ नजर आती है। संत कृपाल आश्रम वाले मोड़ के साथ ही जेल रोड वाले मोड़ पर सड़क का बड़ा हिस्सा खुदा हुआ है। वहीं, कटी घाटी रेलवे क्रॉसिंग से शिंदे की छावनी तक का मार्ग भी कई जगह खुदा हुआ और गड्ढों से भरा है। सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह खुदा हुआ है, जबकि दूसरे हिस्से में भी सड़क की हालत ठीक नहीं है।

ये भी पढ़ें: रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी तय, 4 दिसंबर को लखनऊ में लेंगे सात फेरे

विसर्जन जुलूस में बड़े वाहनों की रहेगी चुनौती

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान इन मार्गों से बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और अन्य वाहन गुजरेंगे। कई प्रतिमाएं आकार में काफी बड़ी होती हैं और उन्हें ऊंचे मंच या वाहनों पर रखकर ले जाया जाता है। ऐसे में सड़क पर मौजूद गड्ढे और असमतल हिस्से वाहनों के संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं। बारिश के कारण पानी से भरे गड्ढों की वास्तविक गहराई दिखाई नहीं देने से खतरा और बढ़ जाता है। यही वजह है कि विसर्जन मार्गों की मरम्मत को लेकर नगर निगम से जल्द कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।

ये भी पढ़ें: भोपाल: असदुद्दीन ओवैसी ने सरकार पर निशाना साधा, बोले- UCC देश के 18 करोड़ लोगों को टारगेट करने के लिए लाया गया

निगम ने समय रहते सड़कें दुरुस्त करने का भरोसा दिया

नगर निगम ग्वालियर के प्रभारी कार्यपालन यंत्री वेद प्रकाश निरंजन का कहना है कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले उनके जाने वाले सभी मार्गों पर पेच रिपेयरिंग कराने के निर्देश मिल चुके हैं। उनका कहना है कि समय रहते सभी संबंधित मार्गों को दुरुस्त कर दिया जाएगा। अब देखने वाली बात यह होगी कि विसर्जन जुलूस शुरू होने से पहले नगर निगम इन रास्तों के गड्ढों और खुदी सड़कों को कितना दुरुस्त कर पाता है। क्योंकि गणेश प्रतिमाओं की सुरक्षित विदाई के लिए केवल विसर्जन स्थल की व्यवस्था ही नहीं, बल्कि वहां तक पहुंचने वाला पूरा रास्ता भी सुरक्षित होना जरूरी है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts