Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी तय, 4 दिसंबर को लखनऊ में लेंगे सात फेरे

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में होगी। दोनों परिवारों की सहमति से विवाह की तारीख तय हुई है।
रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी तय, 4 दिसंबर को लखनऊ में लेंगे सात फेरे
रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी तय

लखनऊ। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों परिवारों की सहमति के बाद शादी की तारीख तय कर दी गई है। रिंकू सिंह और प्रिया सरोज 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में सात फेरे लेंगे। शादी समारोह में क्रिकेट, राजनीति और प्रशासन से जुड़े कई प्रमुख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। दोनों परिवारों की ओर से देश-विदेश के मेहमानों को भी आमंत्रित किए जाने की बात सामने आई है। परिवारों के मुताबिक शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और विवाह समारोह पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया जाएगा।

दोनों परिवारों की सहमति से तय हुई शादी की तारीख

प्रिया सरोज के पिता और समाजवादी पार्टी के विधायक तूफानी सरोज के मुताबिक, दोनों परिवारों की सहमति से विवाह की तारीख और स्थान तय किया गया है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ है। बताया गया है कि पहले रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी वाराणसी के ताज होटल में प्रस्तावित थी। हालांकि रिंकू सिंह के पिता के निधन के बाद शादी की तारीख आगे बढ़ा दी गई थी। अब परिवारों ने नए सिरे से तैयारियां पूरी कर ली हैं और 4 दिसंबर को विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।

जून 2025 में हुई थी दोनों की सगाई

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई जून 2025 में हुई थी। इसके बाद से दोनों लगातार चर्चा में रहे हैं। क्रिकेट और राजनीति से जुड़े इस रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हुई थी। प्रिया सरोज ने एक इंटरव्यू में बताया था कि रिंकू सिंह से उनकी बातचीत की शुरुआत एक अलग सिलसिले में हुई थी। उनकी बहन के फूड ब्लॉगिंग पेज को प्रमोट कराने के लिए रिंकू से संपर्क करने की कोशिश की गई थी।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी बातचीत

प्रिया के मुताबिक किसी परिचित ने उन्हें रिंकू सिंह के बारे में बताया था। इसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर रिंकू को सर्च किया। उस समय रिंकू के करीब 1.20 लाख फॉलोअर्स थे, जबकि प्रिया के इंस्टाग्राम पर लगभग एक हजार फॉलोअर्स थे। प्रिया ने बताया था कि रिंकू ने उनकी पोस्ट को लाइक किया और करीब पांच दिन बाद खुद उन्हें मैसेज किया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा। शुरुआती दौर में प्रिया के भाई और रिंकू सिंह के साथी क्रिकेटर नीतीश राणा के जरिए भी दोनों की बातचीत होती रही।

ये भी पढ़ें: सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, 10 हजार छात्रों के लिए बनेंगे हॉस्टल

2022 में रिंकू ने की थी शादी की बात

प्रिया सरोज के मुताबिक वर्ष 2022 में रिंकू सिंह ने उनसे शादी को लेकर बात की थी लेकिन उस समय प्रिया जज बनने की तैयारी कर रही थीं और शादी के लिए तैयार नहीं थीं। प्रिया ने यह भी बताया था कि उनके पिता की पसंद सरकारी नौकरी करने वाले लड़के को लेकर थी। ऐसे में रिंकू ने उनसे कहा था कि भारतीय टीम में चयन होने के बाद परिवार इस रिश्ते के लिए मान जाएगा। इसके बाद वर्ष 2023 में रिंकू के शानदार प्रदर्शन और भारतीय क्रिकेट टीम में चयन के बाद रिश्ते को लेकर परिस्थितियां बदलने लगीं।

ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट की राजपाल यादव को आखिरी मोहलत, 2 करोड़ जमा करने के लिए मिले 2 हफ्ते

परिवारों की सहमति के बाद रिश्ते पर लगी मुहर

प्रिया सरोज के अनुसार वर्ष 2024 के बाद उनके ब्रदर इन लॉ ने उनके पिता को रिंकू के साथ रिश्ते के बारे में जानकारी दी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और रिश्ते को परिवार की सहमति मिल गई। अब दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे हैं। 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में रिंकू सिंह और प्रिया सरोज विवाह के बंधन में बंधेंगे। शादी में क्रिकेट जगत के साथ राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts