Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुजरात में चांदीपुरा वायरस का कहर :दो बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, घर-घर सर्वे और दवा छिड़काव शुरू

गुजरात के बनासकांठा जिले में चांदीपुरा वायरस से दो बच्चों की मौत हो गई है। राज्य में अब तक 184 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनमें 35 संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में सर्वे, दवा छिड़काव और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।
दो बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, घर-घर सर्वे और दवा छिड़काव शुरू
गुजरात के बनासकांठा जिले में चांदीपुरा वायरस से दो बच्चों की मौत

गुजरात के बनासकांठा जिले के अमीरगढ़ और कांकरेज क्षेत्र में चांदीपुरा वायरस से दो बच्चों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है और प्रभावित इलाकों में विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है।

राज्य में 184 संदिग्ध मामले

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, गुजरात में अब तक चांदीपुरा वायरस के 184 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। जांच के बाद 35 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि 11 नमूनों की रिपोर्ट अभी आना बाकी है।

बनासकांठा के इन इलाकों में बढ़ी चिंता

चांदीपुरा वायरस के मामले मुख्य रूप से बनासकांठा जिले के अमीरगढ़ और कांकरेज क्षेत्र से सामने आए हैं। दो बच्चों की मौत के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अमीरगढ़, कांकरेज और कानपुरा समेत कई गांवों में विशेष अभियान शुरू किया है।

घर-घर सर्वे और दवा छिड़काव

संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। प्रभावित इलाकों में कीटनाशकों का छिड़काव और डस्टिंग का काम लगातार जारी है। कानपुरा गांव में मौत का मामला सामने आने के बाद अमीरगढ़ क्षेत्र में 47 स्वास्थ्य टीमों को तैनात किया गया है।

Chandipura Virus

कैसे फैलता है चांदीपुरा वायरस?

चांदीपुरा वायरस मुख्य रूप से सैंडफ्लाई नाम की छोटी मक्खी के जरिए फैलता है। ये मक्खियां कच्चे मकानों, दीवारों की दरारों और गंदगी वाली जगहों पर पनपती हैं। इसी वजह से स्वास्थ्य विभाग ऐसे इलाकों में विशेष सफाई अभियान चला रहा है।

बच्चों में दिखें ये लक्षण तो तुरंत करें इलाज

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर बच्चों में ये लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें-

  • तेज बुखार
  • लगातार रोना
  • उल्टी होना
  • दौरे पड़ना
  • बेहोशी या सुस्ती

स्वास्थ्य विभाग की अपील

स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है। साथ ही, बच्चों की तबीयत खराब होने पर बिना देरी किए उन्हें नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की सलाह दी गई है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts