24 बिस्किट, 24 कैरेट और कीमत 4 करोड़ से ज्यादा...दुबई से आई फ्लाइट के टॉयलेट से मिला करोड़ों का सोना, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर जब्त  

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर DRI और कस्टम विभाग ने दुबई से आई इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट से 24 कैरेट का 2.8 किलो सोना बरामद किया है। स्पीकर बॉक्स में छिपाए गए इस सोने की कीमत 4.26 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। मामले में गोल्ड स्मगलिंग नेटवर्क की जांच जारी है।
दुबई से आई फ्लाइट के टॉयलेट से मिला करोड़ों का सोना, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर जब्त  
इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट स्पीकर से निकले सोने के 24 बिस्किट।

अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) और कस्टम विभाग की संयुक्त कार्रवाई में दुबई से आई इंडिगो की एक फ्लाइट के टॉयलेट से करोड़ों रुपए का सोना बरामद किया गया है। तस्करों ने सोने को इतनी चालाकी से छिपाया था कि पहली नजर में उसका पता लगाना मुश्किल था, लेकिन खुफिया सूचना के आधार पर की गई जांच में पूरा मामला सामने आ गया।

खुफिया सूचना के बाद शुरू हुई जांच

अधिकारियों को पहले से सूचना मिली थी कि दुबई से आने वाली एक फ्लाइट के जरिए सोने की तस्करी की कोशिश की जा सकती है। इसके बाद जैसे ही इंडिगो की फ्लाइट 6E-1478 अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरी, जांच एजेंसियां अलर्ट हो गईं। कस्टम और DRI की टीम ने विमान की विस्तृत तलाशी शुरू की। जांच के दौरान एयरक्राफ्ट इंजीनियरों की भी मदद ली गई ताकि विमान के हर हिस्से की बारीकी से जांच की जा सके।

टॉयलेट के स्पीकर बॉक्स में छिपा था सोना

तलाशी के दौरान अधिकारियों का ध्यान विमान के टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स पर गया। जब बॉक्स को निकाला गया तो उसका वजन सामान्य से ज्यादा महसूस हुआ। बॉक्स खोलने पर उसके अंदर काले रंग के टेप में लिपटे दो पाउच मिले। इन पाउचों को खोलने पर अधिकारियों को 24 विदेशी मूल के सोने के बिस्किट मिले।

बरामद सोने की कीमत कितनी?

जांच एजेंसियों के मुताबिक बरामद सोना 24 कैरेट शुद्धता (999.0) का है।

विवरण

जानकारी

कुल सोने के बिस्किट

24

शुद्धता

999.0 (24 कैरेट)

कुल वजन

2,799.3 ग्राम

अनुमानित कीमत

₹4.26 करोड़ से अधिक

फ्लाइट नंबर

6E-1478

रूट

दुबई से अहमदाबाद

अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से इस सोने की कीमत करीब 4.26 करोड़ रुपए आंकी गई है।

किसी ने नहीं किया सोने पर दावा

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि, इतनी बड़ी बरामदगी के बावजूद किसी भी यात्री या क्रू सदस्य ने इस सोने पर अपना दावा नहीं किया। ऐसे में कस्टम विभाग ने कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत इसे बिना दावे वाली संपत्ति मानते हुए जब्त कर लिया है।

किन सवालों के जवाब तलाश रही जांच एजेंसियां ?

अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह सोना विमान के टॉयलेट तक पहुंचा कैसे? अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि-

  • सोना फ्लाइट में किसने रखा?
  • क्या इसमें किसी यात्री की भूमिका है?
  • क्या एयरपोर्ट या विमान से जुड़े किसी व्यक्ति की संलिप्तता है?
  • इसके पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क तो नहीं?
  • सोने को भारत में किसे सौंपा जाना था?

इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।

Featured News

CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियां एयरपोर्ट और विमान से जुड़े CCTV फुटेज की भी जांच कर रही हैं। साथ ही यात्रियों की सूची, बोर्डिंग रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है ताकि तस्करी में शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर यह पहली बार नहीं है जब सोने की तस्करी का मामला सामने आया हो। पिछले कुछ समय में कई यात्री अलग-अलग तरीकों से सोना छिपाकर लाने की कोशिश करते पकड़े जा चुके हैं। हाल ही में एक यात्री को भी बड़ी मात्रा में सोने के साथ पकड़ा गया था। हालांकि, इस बार तस्करों ने विमान के टॉयलेट के स्पीकर बॉक्स को छिपाने की जगह बनाकर जांच एजेंसियों को चौंका दिया।

Breaking News

क्यों बढ़ रही है गोल्ड स्मगलिंग?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में सोने की मांग लगातार अधिक बनी रहती है। आयात शुल्क और कीमतों में अंतर का फायदा उठाकर तस्कर अवैध तरीके से सोना लाने की कोशिश करते हैं। इसी वजह से एयरपोर्ट्स पर कस्टम और DRI की निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

Latest Posts