Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Glenn Maxwell ODI Retirement : ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट से लिया संन्यास, 13 साल के शानदार करियर पर लगाया विराम

Follow on Google News
Glenn Maxwell ODI Retirement : ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट से लिया संन्यास, 13 साल के शानदार करियर पर लगाया विराम
स्पोर्ट्स डेस्क। इंटरनेशनल क्रिकेट में संन्यास का दौर चल रहा है। रोहित शर्मा के बाद विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट छोड़ा। फिर श्रीलंका के एंजलो मैथ्यूज ने भी संन्यास का ऐलान किया। ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 36 वर्षीय मैक्सवेल ने 13 साल लंबे वनडे करियर में कई यादगार प्रदर्शन किए और दो वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा भी रहे। सोमवार को अपने संन्यास की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि अब उनका शरीर इस फॉर्मेट की मांगों को पूरा नहीं कर पा रहा है। हालांकि, अभी वह टी20 इंटरनेशनल खेलना जारी रखेंगे।

2012 में हुआ डेब्यू, 2 बार बने वर्ल्ड चैंपियन

मैक्सवेल ने 2012 में वनडे डेब्यू किया था और तब से अब तक उन्होंने 149 वनडे मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 33.81 की औसत और 126.70 की स्ट्राइक रेट से 3,990 रन बनाए। उनके नाम 4 शतक और 23 अर्धशतक दर्ज हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 77 विकेट भी झटके। वह 2015 और 2023 की वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे।

2023 वर्ल्ड कप की यादगार पारी

मैक्सवेल की वनडे करियर की सबसे ऐतिहासिक पारी 2023 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ देखने को मिली थी। जब ऑस्ट्रेलिया की टीम मात्र 91 रन पर 7 विकेट गंवा चुकी थी, तब उन्होंने अकेले मोर्चा संभालते हुए 128 गेंदों में नाबाद 201 रन की पारी खेली और टीम को अकल्पनीय जीत दिलाई। हैमस्ट्रिंग की चोट के बावजूद उन्होंने हार न मानते हुए जीत की पटकथा लिखी।

चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान बनाया संन्यास का मन

मैक्सवेल ने बताया कि उन्होंने मार्च में ही मन बना लिया था कि वे अब वनडे क्रिकेट नहीं खेलेंगे। चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान उन्होंने मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली को यह जानकारी दे दी थी। बेली से कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि 2027 विश्व कप खेल पाएंगे। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अब मेरी जगह किसी युवा खिलाड़ी को तैयार होने का मौका मिलना चाहिए, ताकि वह 2027 वर्ल्ड कप के लिए खुद को साबित कर सके।”

गर्व है ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने पर : मैक्सवेल

संन्यास की घोषणा करते हुए मैक्सवेल ने कहा, “मुझे याद है कि शुरुआत में ही मुझे अप्रत्याशित रूप से टीम में जगह मिली थी। तब से मैं कई उतार-चढ़ाव से गुजरा हूं। विश्व कप खेलना, टीम से बाहर होना और फिर वापसी करना, यह सब एक अद्भुत अनुभव रहा।” उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए इतने लंबे समय तक क्रिकेट खेला।

वनडे करियर की झलक

  • कुल मैच: 149
  • रन: 3990
  • औसत: 33.81
  • स्ट्राइक रेट: 126.70
  • शतक/फिफ्टी: 4/23
  • सर्वश्रेष्ठ स्कोर: 201* बनाम अफगानिस्तान
  • विकेट: 77
  • बेस्ट बॉलिंग: 4/40

आखिरी मैच और आईपीएल से बाहर

मैक्सवेल का आखिरी वनडे मैच भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का सेमीफाइनल रहा, जिसमें उन्होंने केवल 7 रन बनाए और अक्षर पटेल की गेंद पर आउट हुए। आईपीएल 2025 में वह पंजाब किंग्स का हिस्सा थे लेकिन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

अब टी-20 पर फोकस

मैक्सवेल ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह अब केवल टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते रहेंगे। आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2025 में वह एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts