गाजियाबाद में गरजा बुलडोजर:अवैध मजार जमींदोज, नोटिस देने के बावजूद नहीं हटाया था कब्जा

गाजियाबाद। प्रशासन के अनुसार, मजार को हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ग्रीन बेल्ट की जमीन पर बनी थी मजार
रविवार को ट्रॉनिका सिटी इलाके में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पहले पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति का जायजा लिया, जिसके बाद बुलडोजर की मदद से तीन मंजिला मजार को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन का कहना है कि संबंधित निर्माण यूपीएसआईडीए की ग्रीन बेल्ट वाली सरकारी जमीन पर किया गया था, जहां स्थायी निर्माण की अनुमति नहीं है।
ये भी पढ़ें: Kotak Mahindra Bank: MD-CEO अशोक वासवानी दिसंबर 2026 में छोड़ेंगे पद, नए प्रमुख की तलाश शुरू
छोटे ढांचे से तीन मंजिल तक पहुंचा निर्माण
अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2001 में यहां एक छोटे ढांचे के रूप में निर्माण शुरू हुआ था। समय बीतने के साथ कथित तौर पर आसपास की सरकारी जमीन पर भी अतिक्रमण बढ़ता गया। करीब 25 वर्षों में यह निर्माण तीन मंजिल तक पहुंच गया और लगभग 300 वर्ग गज से ज्यादा क्षेत्र में फैल गया, जिसके बाद इसे अवैध निर्माण की श्रेणी में रखा गया।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया गया कब्जा
प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई से पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस में स्वेच्छा से निर्माण हटाने का मौका भी दिया गया, लेकिन तय समय सीमा के अंदर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए ध्वस्तीकरण का निर्णय लिया गया और उसे अमल में लाया गया।
ये भी पढ़ें: हाई-प्रोफाइल हाउस पार्टी पर पुलिस का छापा: शुरू होने से पहले ही बंद कराई पार्टी
सरकारी जमीन पर अभियान रहेगा जारी
अधिकारियों ने बताया कि ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण नियमों के खिलाफ है। इसी आधार पर इस निर्माण को अतिक्रमण मानते हुए हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं, कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरे क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात था।












