Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हाई-प्रोफाइल हाउस पार्टी पर पुलिस का छापा: शुरू होने से पहले ही बंद कराई पार्टी

महालक्ष्मी नगर में सोशल मीडिया इनपुट पर लसूड़िया पुलिस की कार्रवाई, 20 से 25 युवक-युवतियां मिले; छह आयोजकों पर केस, फ्लैट मालिक भी जांच के दायरे में
 शुरू होने से पहले ही बंद कराई पार्टी

इंदौर। शहर में बिना अनुमति आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल हाउस पार्टियों पर पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में लसूड़िया थाना पुलिस ने महालक्ष्मी नगर स्थित एक एयरबीएनबी फ्लैट पर छापामार कार्रवाई करते हुए डीजे और शराब पार्टी को शुरू होने से पहले ही बंद करा दिया। कार्रवाई के दौरान फ्लैट में 20 से 25 युवक-युवतियां मौजूद मिले। पुलिस ने पुलिस कमिश्नर के प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने पर छह आयोजकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वहीं फ्लैट मालिक के खिलाफ भी किरायेदारों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध नहीं कराने के मामले में कार्रवाई की जा रही है।

 

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान सूचना मिली थी कि महालक्ष्मी नगर स्थित एक एयरबीएनबी फ्लैट में हाई-प्रोफाइल हाउस पार्टी आयोजित की जा रही है। सूचना मिलते ही लसूड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट की जांच की।

 

डीजे और शराब पार्टी की थी पूरी तैयारी

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि फ्लैट में डीजे सिस्टम लगाया जा चुका था और शराब पार्टी की पूरी तैयारी कर ली गई थी। हालांकि समय रहते पुलिस पहुंच गई, जिससे पार्टी शुरू होने से पहले ही कार्रवाई कर उसे रुकवा दिया गया। छापेमारी के दौरान फ्लैट में करीब 20 से 25 युवक-युवतियां मौजूद मिले। पूछताछ में सामने आया कि आयोजन के लिए प्रशासन या पुलिस से किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी।

 

छह आयोजकों पर केस, फ्लैट मालिक भी जांच के घेरे में

एसीपी पराग सैनी ने बताया कि बिना अनुमति आयोजन करना पुलिस कमिश्नर के आदेशों का उल्लंघन है। इस मामले में छह आयोजकों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अलावा फ्लैट मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है, क्योंकि उसने किरायेदारों की जानकारी स्थानीय पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर

पुलिस का कहना है कि शहर में बिना अनुमति आयोजित होने वाले इवेंट, फार्म हाउस पार्टियों और हाउस पार्टियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी ऐसी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts