रायसेन:गैरतगंज में बनेगा 50 सीटर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, 5 करोड़ रुपए की मिली मंजूरी; बेटियों को मिलेगी बेहतर शिक्षा सुविधा

सांची विधानसभा क्षेत्र के गैरतगंज में अनुसूचित जाति वर्ग की छात्राओं के लिए नया आवासीय छात्रावास बनाया जाएगा। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष, सांची विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी के प्रयासों से 50 सीटर अनुसूचित जाति जूनियर कन्या छात्रावास भवन निर्माण के लिए 5 करोड़ 2 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र की छात्राओं को सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। खासतौर पर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली बेटियों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को मिलेगा लाभ
गैरतगंज क्षेत्र में लंबे समय से छात्रावास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। छात्रावास बनने के बाद आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को पढ़ाई जारी रखने में सुविधा होगी। नए भवन में छात्राओं के रहने, अध्ययन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। इससे बेटियों को उच्च शिक्षा की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
डॉ. प्रभुराम चौधरी ने इस स्वीकृति को सांची विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के विस्तार और कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह छात्रावास क्षेत्र की बेटियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और उन्हें सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर देगा।
ये भी पढ़ें: बेंगलुरु: मंत्री ने सवारी बनकर की बस यात्रा, कंडक्टर बोला- खुले पैसे नहीं हैं तो नीचे उतर जाओ; फिर हुआ बड़ा एक्शन
मुख्यमंत्री और मंत्री का जताया आभार
डॉ. प्रभुराम चौधरी ने छात्रावास निर्माण की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री नागर सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। सांची विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।
ये भी पढ़ें: पन्ना: केन-बेतवा परियोजना के खिलाफ आंदोलन तेज, आमरण अनशन से बिगड़ी तबीयत; आदिवासी महिलाओं ने सुनाई आपबीती
क्षेत्र में खुशी का माहौल
छात्रावास निर्माण की मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया। लोगों का कहना है कि छात्रावास बनने से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को लाभ मिलेगा और बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
Edited By: Sumit Shrivastava












