बिहार :सासाराम- पटना इंटरसिटी के जनरल डिब्बे में लगी आग, प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी ट्रेन अचानक उठा धुआं, सभी यात्री सुरक्षित

बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार को बड़ा हादसा टल गया, जब भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 53212) की एक जनरल बोगी में अचानक आग लग गई। आग ट्रेन की D3 कोच में लगी, जिसके बाद बोगी से तेज धुआं और लपटें उठने लगीं। घटना के समय ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग जान बचाने के लिए तेजी से ट्रेन से उतरने लगे। कई यात्री अपना सामान तक छोड़कर प्लेटफॉर्म की ओर भागे।
फायर ब्रिगेड ने संभाली स्थिति
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में पूरी बोगी धुएं से भर गई थी। आग और धुआं देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
यात्रियों में अफरा- तफरी, सामान छोड़कर भागे
आग लगते ही यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए जल्दबाजी में ट्रेन से उतरने लगे। कई यात्री अपना सामान तक छोड़कर प्लेटफॉर्म की ओर भागे। स्टेशन पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
जिस बोगी में आग लगी थी, उसे ट्रेन से अलग कर दिया गया। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से पूरी ट्रेन को रद्द कर दिया। फिलहाल ट्रेन संचालन सामान्य करने की प्रक्रिया जारी है।
यह भी पढ़ें: VD Satheesan : केरलम में नई सरकार का गठन आज, सतीशन बनेंगे CM; कांग्रेस के 12 अन्य दलों के 9 मंत्री लेंगे शपथ
सवालों के घेरे में रेलवे
घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का आरोप है कि स्टेशन पर पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण शुरुआती समय में आग पर काबू पाने में काफी दिक्कत हुई। जिसके चलते कई देर तक आग की लपटे देखी गई, हालांकि हादसे में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ है।
यात्रियों ने लगाएं ये गंभीर आरोप
- स्टेशन पर कई अग्निशमन सिलेंडर खाली थे
- पानी की पाइपलाइन में पानी उपलब्ध नहीं था
- शुरुआती समय में रेलकर्मियों को आग बुझाने में परेशानी हुई
- समय रहते इंतजाम होते तो नुकसान कम हो सकता था
- स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे की लापरवाही के कारण आग तेजी से फैली और पूरी बोगी जलकर खाक हो गई।
यह भी पढ़ें: Rajdhani Express Fire : राजधानी एक्सप्रेस में वो कौन सा सिस्टम था जिससे बच सकी यात्रियों की जान?
शॉर्ट सर्किट की आशंका
RPF निरीक्षक संजीव कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने की असली वजह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे की तकनीकी टीम भी मामले की जांच में जुट गई है।
एक दिन पहले राजधानी एक्सप्रेस में भी लगी थी आग
इस घटना से ठीक एक दिन पहले रविवार को Rajdhani Express (गाड़ी संख्या 12431) में भी आग लग गई थी। त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच B-1 में मध्य प्रदेश के आलोट के पास आग लगी थी। उस घटना में भी सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।











