Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Falta election result :बंगाल में भाजपा के देबांग्शु पांडा ने जीती फालता सीट, अब पार्टी के 208 विधायक

पश्चिम बंगाल की फालता सीट से भाजपा प्रत्याशी देबांग्शु पांडा प्रचंड मतों से विजयी हुए हैं। पांडा ने 109021 वोटों से कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार को हराया है। इसके साथ ही बंगाल में भाजपा के विधायकों की संख्या 208 हो गई है।
बंगाल में भाजपा के देबांग्शु पांडा ने जीती फालता सीट, अब पार्टी के 208 विधायक

कोलकाता।  पश्चिम बंगाल की फालता सीट भाजपा ने जीत ली है। 294 सदस्यीय विधानसभा में अब भाजपा के 208 विधायक हो गए हैं। राज्य की चर्चित फालता विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने बड़ी जीत हासिल कर इतिहास रच दिया। उन्होंने 1,09,021 वोटों के भारी अंतर से मुकाबला अपने नाम किया। इस सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया गया था।

टीएमसी ने छोड़ दिया था चुनावी मैदान

शुरुआत में मुकाबला भाजपा के देबांग्शु पांडा और तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान के बीच माना जा रहा था, लेकिन मतदान से ठीक पहले जहांगीर खान चुनाव मैदान से हट गए। इसके बाद भाजपा की मुख्य टक्कर माकपा उम्मीदवार शंभू नाथ कुर्मी से रही। 

ये भी पढ़ें: सुवेंदु सरकार का मिशन ट्रिपल D : बंगाल में अब घुसपैठियों पर एक्शन, हर जिले में बनेंगे होल्डिंग सेंटर

पुनर्मतदान में हुई भारी वोटिंग 

जहांगीर खान के चुनाव से हटने के बाद फालता सीट पर कुल पांच उम्मीदवार मैदान में रह गए थे। 21 मई को हुए पुनर्मतदान में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 86.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस सीट पर 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के शंकर कुमार नस्कर ने जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल गई और भाजपा ने बड़ी बढ़त के साथ सीट अपने नाम कर ली।

ईवीएम विवाद के बाद हुआ था दोबारा मतदान 

फालता सीट पर पुनर्मतदान का फैसला 29 अप्रैल को हुए मतदान के बाद सामने आए विवादों के कारण लिया गया था। कई मतदान केंद्रों से शिकायत मिली थी कि ईवीएम मशीनों पर इत्र जैसे पदार्थ और चिपकाने वाला टेप लगाया गया है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन आयोग ने मामले की जांच कराई और बाद में फालता विधानसभा सीट पर दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया।

ये भी पढ़ें: रामचरण ने बुमराह से मांगी माफी : मध्य प्रदेश को बिहार बताया, बोले भीड़ में उत्साह के बीच फिसली जुबान

293 सीटों के रिजल्ट 4 मई को आए थे 

फालता सीट को छोड़कर बाकी 293 विधानसभा क्षेत्रों के नतीजे 4 मई को घोषित कर दिए गए थे। इन सीटों पर भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब फालता सीट जीतने के बाद पार्टी का आंकड़ा बढ़कर 208 पहुंच गया है।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts