नंदीग्राम उपचुनाव: ममता गुट की प्रत्याशी ने अपना नाम वापस लिया, 6 अक्टूबर को उपचुनाव

संचिता प्रधान डे को ममता बनर्जी के गुट ने नंदीग्राम उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया था और उन्हें फुटबॉल खिलाड़ी चुनाव चिह्न दिया गया था। उन्होंने नामांकन वापस लेने का फैसला ऐसे समय किया है, जब नंदीग्राम में टीएमसी के दोनों गुट अलग-अलग उम्मीदवारों के साथ चुनावी मैदान में थे। शुभेंदु अधिकारी से उनकी मुलाकात को लेकर अलग-अलग चर्चाएं सामने आ रही हैं, हालांकि उम्मीदवारी वापस लेने की वजह अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। नंदीग्राम और रेजीनगर में 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।
ममता गुट ने बनाया था उम्मीदवार
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने 13 सितंबर को नंदीग्राम सीट से संचिता प्रधान डे के नाम का ऐलान किया था। वह अपेक्षाकृत नया राजनीतिक चेहरा हैं और नंदीग्राम क्षेत्र से जुड़ी रही हैं। इसके बाद उन्होंने 16 सितंबर को अपना नामांकन दाखिल किया था।
ये भी पढ़ें: फिजी में HIV ने बढ़ाई टेंशन! 9,100 संक्रमित और 117 मौतें, तेजी से बढ़ते मामलों के बीच लगा आपातकाल
नामांकन के बाद मिला था फुटबॉल खिलाड़ी चिह्न
नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद चल रहा था। चुनाव आयोग की प्रक्रिया के तहत ममता गुट को अलग नाम और फुटबॉल खिलाड़ी चुनाव चिह्न आवंटित किया गया था। संचिता इसी पहचान के साथ उपचुनाव में उतरने वाली थीं, लेकिन अब उनके नाम वापस लेने की बात सामने आई है।
नबन्ना पहुंचकर शुभेंदु अधिकारी से मिलीं
नाम वापस लेने से पहले संचिता प्रधान डे ने शुक्रवार को राज्य सचिवालय नबन्ना पहुंचकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। सामने आई तस्वीरों और रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों के बीच बातचीत हुई। संचिता ने इस मुलाकात को चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लेने से जोड़कर बताया है।
मुलाकात के बाद सियासी चर्चा तेज
संचिता और शुभेंदु अधिकारी की मुलाकात के बाद नंदीग्राम की राजनीति में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। इसकी वजह यह भी है कि नामांकन वापसी की अंतिम तारीख 19 सितंबर है और उनकी मुलाकात इसके ठीक एक दिन पहले हुई। हालांकि, संचिता के चुनाव से हटने के पीछे क्या वजह है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
नंदीग्राम में बदले चुनावी समीकरण
नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के 2026 में यह सीट छोड़ने के बाद खाली हुई थी। उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी, लेकिन बाद में भवानीपुर सीट अपने पास रखते हुए नंदीग्राम से इस्तीफा दिया। इसी वजह से यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी की पार्टी का नाम बदला, फुटबॉल खिलाड़ी होगा चुनाव चिन्ह ; जानिए रितब्रता गुट को क्या मिला?
6 अक्टूबर को होगा मतदान
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 19 सितंबर तय की गई है। संचिता के नाम वापस लेने के बाद नंदीग्राम में उम्मीदवारों की तस्वीर में बदलाव हुआ है और अब आगे की चुनावी प्रक्रिया पर नजर रहेगी।



















