Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुब्बारे, मोमबत्तियां और फ्रिज में बच्ची! हत्या के बाद पिता ने दी जान, अमरेली की इस खौफनाक कहानी ने पुलिस को भी चौंकाया

गुजरात के अमरेली जिले में आर्थिक परेशानी से जूझ रहे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 5 साल की बेटी की हत्या कर दी और बाद में आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से तीन सुसाइड नोट मिले हैं। नोट में पर्सनल लोन और आर्थिक परेशानी का जिक्र है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुब्बारे, मोमबत्तियां और फ्रिज में बच्ची! हत्या के बाद पिता ने दी जान, अमरेली की इस खौफनाक कहानी ने पुलिस को भी चौंकाया

अमरेली। गुजरात के अमरेली जिले में आर्थिक परेशानी से जूझ रहे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 5 साल की बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से तीन सुसाइड नोट मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बेटी के साथ घर पर था पिता

पुलिस के मुताबिक, राजुला इलाके में रहने वाला किशोर धनक (40) निर्माण स्थल पर सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था। बुधवार को वह अपनी पांच साल की बेटी हिमांशी के साथ घर पर था। आरोप है कि धनक ने बेटी की हत्या करने के बाद उसके शव को रेफ्रिजरेटर में रख दिया और बाद में खुद आत्महत्या कर ली।

बिस्तर पर मिले तीन सुसाइड नोट

राजुला की डीएसपी नयना गोरडिया के मुताबिक, धनक ने तीन सुसाइड नोट लिखे थे, जिन्हें बिस्तर पर रखा गया था। एक नोट में उसने आर्थिक परेशानी का जिक्र किया। पुलिस के मुताबिक, धनक ने पर्सनल लोन लिया था और उस रकम को निर्माण कार्य में लगाया था। उसका दावा था कि उसे करीब 7.25 लाख रुपये मिलने थे, लेकिन कारोबारी साथियों से रकम नहीं मिली। आर्थिक परेशानी के कारण वह खुद को असहाय महसूस कर रहा था।

दूसरे नोट में बेटी का जिक्र

एक अन्य नोट में धनक ने बेटी की हत्या करने की वजह बताई। पुलिस के अनुसार, उसने लिखा कि वह अपनी मौत के बाद बेटी को परेशानी में नहीं देखना चाहता था। एक अन्य नोट में उसने माफी मांगी और बच्ची के शव के रेफ्रिजरेटर में होने की जानकारी दी।

crime news

पत्नी के घर लौटने पर सामने आया मामला

धनक की पत्नी मंजू बेन 14 सितंबर को अपने मायके गई थीं। पति से फोन पर संपर्क नहीं होने के बाद उन्होंने अपने भाई को घर भेजा, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद मंजू बेन घर पहुंचीं और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुईं। वहां उन्हें धनक का शव मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू हुई।

कमरे में जन्मदिन जैसा माहौल

पुलिस के मुताबिक, जिस कमरे में घटना हुई, उसे गुब्बारों और मोमबत्तियों से सजाया गया था। कमरे और रेफ्रिजरेटर में चॉकलेट भी रखी गई थीं। बच्ची को सफेद कपड़े पहनाए गए थे। पुलिस को रेफ्रिजरेटर पर एक कागज भी मिला, जिस पर ‘हैप्पी बर्थडे हिमांशी’ लिखा था। पुलिस के मुताबिक, बच्ची का जन्मदिन नहीं था।

हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों, आर्थिक लेन-देन और सुसाइड नोट में किए गए दावों की जांच कर रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts