
उत्तराखंड में बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार के हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग करानी पड़ी। खराब मौसम के चलते उनका हेलिकॉप्टर पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र के रालम में सुरक्षित उतारा गया। उनके साथ राज्य के उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे भी मौजूद थे।
मिलम की ओर जा रहे थे CEC
राजीव कुमार का हेलिकॉप्टर मिलम की ओर जा रहा था लेकिन मौसम की स्थिति बिगड़ने के कारण पायलट को रालम में हेलिकॉप्टर उतारना पड़ा। स्थानीय प्रशासन ने सुनिश्चित किया कि सभी लोग सुरक्षित हैं और हेलिकॉप्टर की स्थिति ठीक है।
एक दिन पहले की थी प्रेस कॉन्फ्रेंस
राजीव कुमार ने 15 अक्टूबर को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था। उन्होंने प्रेस वार्ता में हरियाणा चुनाव में ईवीएम (EVM) से जुड़ी शिकायतों पर भी बात की। कुमार ने कहा था कि हरियाणा चुनाव में मिली ईवीएम शिकायतों का जवाब दिया जाएगा। यहां तक कि शिकायत का लिखित रूप में उचित जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईवीएम की एक बार नहीं, बल्कि बार-बार जांच की जाती है।
48 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड के साथ-साथ अन्य 48 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की थी। इनमें उत्तराखंड के केदारनाथ में उपचुनाव भी शामिल है, जो बीजेपी विधायक शैला रानी की मृत्यु के बाद खाली हुई सीट के लिए होगा।
राजीव कुमार का प्रशासनिक करियर
राजीव कुमार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 1984 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने अपने करियर में केंद्र सरकार और बिहार-झारखंड कैडर में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। सामाजिक क्षेत्र, पर्यावरण, मानव संसाधन, वित्त और बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में उनका व्यापक अनुभव है। उनके पास बीएससी, एलएलबी, पीजीडीएम और एमए पब्लिक पॉलिसी की डिग्री है।
2022 में बने मुख्य चुनाव आयुक्त
राजीव कुमार ने 15 मई 2022 को मुख्य चुनाव आयुक्त का पदभार ग्रहण किया था। इससे पहले वह 1 सितंबर 2020 से चुनाव आयोग में आयुक्त के रूप में कार्यरत थे। उनका कार्यकाल 18 फरवरी 2025 तक रहेगा। 19 फरवरी 2025 को राजीव कुमार 65 साल के हो जाएंगे। संविधान के अनुसार, चुनाव आयुक्त का कार्यकाल 6 वर्ष या 65 वर्ष की आयु तक सीमित होता है।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में नायब सरकार : शाह की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए नायब सिंह, कल लेंगे CM पद की शपथ
One Comment