मिस्र के काहिरा हाईवे पर तेल टैंकर में लगी भीषण आग, 31 लोगों की मौत और 27 गाड़ियां जलकर खाक!

मिस्र की राजधानी काहिरा के पास तेल से भरा एक टैंकर पलटने के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास चल रही कारें और बाइक भी इसकी चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मौके पर 39 एंबुलेंस तैनात की गईं।
मिस्र के काहिरा हाईवे पर तेल टैंकर में लगी भीषण आग, 31 लोगों की मौत और 27 गाड़ियां जलकर खाक!
काहिरा हाईवे पर टैंकर में भीषण आग

काहिरा। मिस्र में एक सड़क हादसे के बाद ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी को डरा दिया। काहिरा के रिंग रोड पर तेल से भरा एक टैंकर अचानक पलट गया। इसके बाद उसमें आग लग गई और देखते ही देखते लपटें आसपास के वाहनों तक पहुंच गईं। सड़क पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई कारें और बाइक आग में जल गईं। इस हादसे में कम से कम 31 लोगों की जान चली गई, जबकि 21 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

X Post

टैंकर पलटते ही हाईवे पर मची अफरा-तफरी

यह हादसा ग्रेटर काहिरा के गीजा इलाके में अल-वर्राक के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, तेल से भरा टैंकर रिंग रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान टैंकर अचानक बेकाबू होकर सड़क के डिवाइडर को पार करते हुए पलट गया। इसके बाद उसमें तेज आग लग गई। टैंकर से निकला पेट्रोल सड़क पर फैल गया, जिससे आग तेजी से दूसरी गाड़ियों तक पहुंच गई। कुछ ही देर में हाईवे पर धुएं और आग का बड़ा गुबार दिखाई देने लगा। आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

आग में जलकर खाक हुईं 27 गाड़ियां

टैंकर में लगी आग ने आसपास मौजूद कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार, करीब 27 कारें और बाइक जलकर पूरी तरह खराब हो गईं। कई लोग अपनी गाड़ियों के अंदर ही फंस गए थे। बचावकर्मियों ने काफी कोशिश के बाद लोगों को बाहर निकाला। एक चश्मदीद ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि आग लगने के समय कई लोग कारों के अंदर फंसे हुए थे। उन्होंने जलती गाड़ियों से शवों को बाहर निकालते भी देखा। घटनास्थल पर चारों तरफ जली हुई गाड़ियां और मलबा फैला हुआ था।

पाकिस्तान के मंत्री ने आतंकवाद के सबूत मांगे थे, जैश के आतंकी ने दे दिए, इस्लामाबाद में कहा- PoK में हैं आतंकी कैंप

31 की मौत, 21 से ज्यादा लोग घायल

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इस हादसे में अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 21 से ज्यादा लोग घायल हैं। घायलों को जायद स्पेशलाइज्ड, इम्बाबा जनरल और वर्राक सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव के लिए घटनास्थल पर 39 एंबुलेंस लगाई गई थीं। दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

हाई-वोल्टेज तार गिरने से हुआ हादसा?

मिस्र के अखबार अल-अहराम की रिपोर्ट के मुताबिक, टैंकर के सामने अचानक हाई-वोल्टेज बिजली का तार गिर गया था। इसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी से कंट्रोल खो दिया और टैंकर पलट गया। हालांकि, हादसे की असली वजह जानने के लिए जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि टैंकर एक निजी ठेकेदार का था। जांच में यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि हादसा किस वजह से हुआ और इसमें किसकी लापरवाही थी।

तुर्की की सेना में शामिल हुए तीन बायराकटार किजिलेल्मा मानवरहित लड़ाकू विमान, ऑपरेशनल सर्विस में आने वाला पहला ऐसा विमान होने का दावा

राष्ट्रपति ने जताया दुख, DNA से होगी पहचान

हादसे के बाद मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने मृतकों के परिवारों के प्रति दुख जताया है। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना भी की। वहीं, जिन शवों की पहचान नहीं हो पाई है, उनकी पहचान के लिए DNA सैंपल लेने के आदेश दिए गए हैं।
प्रशासन की टीमें घायलों के इलाज और मृतकों की पहचान में जुटी हैं। 

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts