PU Special :मप्र में सहकारिता के बाद अब मंडी चुनाव भी टलने के आसार, 14 साल से किया जा रहा इंतजार

मप्र में वर्ष 2012 के बाद से कृषि उपज मंडियों के चुनाव नहीं हुए हैं। प्रदेश की 259 मंडियां प्रशासकों के भरोसे संचालित हो रही हैं और किसानों की प्रतिनिधित्व व्यवस्था खत्म हो गई है। सहकारी संस्थाओं के चुनाव एक साल टलने के बाद मंडी चुनावों पर भी असमंजस बढ़ गया है। किसान संगठनों का आरोप है कि निर्वाचित प्रतिनिधियों के अभाव में मंडियों की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है।
मप्र में सहकारिता के बाद अब मंडी चुनाव भी टलने के आसार, 14 साल से किया जा रहा इंतजार

राजीव सोनी, भोपाल। मध्यप्रदेश में सहकारिता चुनाव टलने के बाद अब मंडी समितियों के चुनावों पर भी तलवार लटक गई है। शासन के स्तर पर 14 साल बाद भी कोई तैयारी और आसार नजर नहीं आ रहे। लाखों किसानों की चिंता और नाराजगी बढ़ती जा रही है। खाद-बीज और फसलों के वाजिब मूल्य के लिए उन्हें भटकना पड़ रहा है। मंडी बोर्ड और समितियों में किसानों की भागीदारी नहीं बची। मंडियों की पूरी व्यवस्था अफसरों के भरोसे चल रही है।

आरोप-अधिकारियों का किसानों की समस्याओं से जुड़ाव नहीं 

किसान नेताओं का कहना है कि अधिकारियों का किसानों की जमीनी समस्याओं से सीधा जुड़ाव नहीं रहता। प्रदेश में कृषि उपज मंडियों की संख्या 259 है। चुनाव नहीं होने से मंडी बोर्ड और समितियों में किसानों की भागीदारी नहीं बची। वर्ष 2012 के बाद से चुनाव नहीं हुए। नियमानुसार 2017 में मंडियों के चुनाव कराए जाने थे। लेकिन प्रदेश में विधानसभा और फिर लोकसभा चुनावों के चलते इन्हें टाल दिया गया। सरकार ने जनवरी 2019 में मंडी समितियों को भंग कर दिया था। उसके बाद से प्रशासनिक अफसर ही मंडियों के प्रशासक बने हुए हैं।

अब फिर वैसी ही स्थिति बन रही है

प्रदेश में एक बार फिर वैसे ही हालात बन रहे हैं। सत्ता-संगठन के नेता जल्दी ही मिशन 2028 की तैयारी में जुटेंगे। स्थानीय निकाय के चुनाव भी नजदीक हैं। इसलिए सहकारिता और मंडियों के चुनावों की फिलहाल संभावना नहीं लगती। किसानों का इंतजार और लंबा हो जाएगा। हाल ही में सरकार ने सहकारी संस्थाओं के चुनावों को एक साल टालने का निर्णय लिया है। इस वजह से मंडी चुनाव पर भी असमंजस बना हुआ है। किसान संगठनों का आरोप है कि चुनाव न होने से किसानों की सुनवाई नहीं हो रही।

ये भी पढ़ें: मप्र के सबसे सीनियर भाजपा विधायक गोपाल भार्गव का ऐलान- कोपरा बांध बनते ही राजनीति को अलविदा कह दूंगा

खाद-बीज की किल्लत पर भी सुनवाई नहीं

मंडी सूत्रों का कहना है कि किसानों के प्रतिनिधि न होने से मंडी में तुलाई, पल्लेदारी, नीलामी और भुगतान में देरी जैसी समस्याओं को उठाने वाला कोई नहीं है। किसानों को खाद-बीज की किल्लत से लेकर अपनी फसल के वाजिब मूल्य तक के लिए भटकना पड़ रहा है। पहले चुने हुए प्रतिनिधि मंडी में बैठकर किसानों की बात रखते थे, अब सुनने वाला कोई नहीं है। किसान नेताओं का कहना है कि पानी, शेड, गोदाम और सड़क जैसी सुविधाओं की अनदेखी हो रही है।

मंडियों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया बहाल हो 

इस बारे में भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना का कहना है कि मंडियों में जब तक लोकतांत्रिक प्रक्रिया बहाल नहीं होती तब तक विकास की कल्पना करना बेमानी है। किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है। सरकार को निर्णय करना चाहिए। वहीं मप्र भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा का कहना है कि किसानों के हित में मंडियों के चुनाव जरूरी हैं। इस मुद्दे पर सरकार के साथ चर्चा भी हुई है। शासन स्तर पर विचार विमर्श चल रहा है।

ये भी पढ़ें: माननीयों पर सरकारी बंगले के 10 करोड़ बकाया, पूर्व मंत्री-विधायक और नेताओं ने नहीं चुकाया किराया, 23 को थमाए नोटिस

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts