Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पाकिस्तान के मंत्री ने आतंकवाद के सबूत मांगे थे, जैश के आतंकी ने दे दिए, इस्लामाबाद में कहा- PoK में हैं आतंकी कैंप

जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मसूद इलियास कश्मीरी ने इस्लामाबाद में आयोजित एक सम्मेलन में PoK के रावलकोट और धर्मसाल में संगठन के ठिकाने होने की बात स्वीकार की। उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के अधिकारियों से मुलाकात और डोजियर मिलने का भी खुलासा किया है।
पाकिस्तान के मंत्री ने आतंकवाद के सबूत मांगे थे, जैश के आतंकी ने दे दिए, इस्लामाबाद में कहा- PoK में हैं आतंकी कैंप
जैश कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी के कैमरे पर किए गए कबूलनामे ने PoK में पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क की पोल खोल दी है।

इस्लामाबाद/नई दिल्ली।  पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकी संगठनों की गतिविधियों को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी ने सार्वजनिक मंच पर संगठन के सक्रिय ठिकानों की मौजूदगी स्वीकार की है। इसके साथ ही उसने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के अधिकारियों के साथ सीधे संपर्क होने की बात भी कही है। इस्लामाबाद में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान मसूद इलियास कश्मीरी उर्फ अबू मोहम्मद ने बताया कि रावलकोट में जैश-ए-मोहम्मद का सक्रिय कैंप संचालित हो रहा है। उसने PoK के पुंछ जिले के धर्मसाल इलाके में संगठन का एक अन्य केंद्र होने की जानकारी भी दी।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब इससे महज दो दिन पहले पाकिस्तान के पर्यावरण मंत्री मुसादिक मलिक ने नई दिल्ली में आयोजित एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग के दौरान भारतीय मीडिया से बातचीत में राज्य प्रायोजित आतंकवाद के आरोपों के सबूत मांगे थे।

यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आए पाकिस्तानी मंत्री, SCO सम्मेलन में PM मोदी करेंगे उद्घाटन

ISI अधिकारियों से मुलाकात और 22 सदस्यों की सूची का खुलासा

सम्मेलन में कश्मीरी ने पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के साथ अपनी मुलाकात का भी जिक्र किया। उसके मुताबिक, इस्लामाबाद में अधिकारियों ने उससे संपर्क किया था और उसे एक डोजियर सौंपा था। इस दस्तावेज में जैश-ए-मोहम्मद के 22 कथित सदस्यों के नाम शामिल थे। बताया गया कि ये लोग रावलकोट में आयोजित विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा ले रहे थे। यह खुलासा PoK में जारी लंबे विरोध प्रदर्शनों के बीच सामने आया है। यहां जॉइंट अवामी एक्शन कमिटी पिछले साढ़े पांच महीने से अधिक समय से आंदोलन का नेतृत्व कर रही है। इस घटनाक्रम ने पाकिस्तान के उन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनमें वह लगातार सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देने के आरोपों से इनकार करता रहा है।

इस्लामाबाद के सम्मेलन में बताए आतंकी ठिकाने

मसूद इलियास कश्मीरी ने ये बातें इस्लामाबाद में आयोजित 'पुंछ अवाम' सम्मेलन में कहीं। इस कार्यक्रम का आयोजन पाकिस्तान समर्थक राजनीतिक दलों और धार्मिक संगठनों ने PoK में जारी अशांति पर चर्चा करने के लिए किया था। सम्मेलन में मौजूद राजनीतिक नेताओं को संबोधित करते हुए जैश कमांडर ने रावलकोट में संगठन के सक्रिय कैंप की बात स्वीकार की। इसके अलावा, उसने पुंछ जिले के धर्मसाल इलाके में जैश-ए-मोहम्मद के एक अन्य मरकज यानी केंद्र की मौजूदगी का भी जिक्र किया।

2018 के सुंजवान आर्मी कैंप हमले में भी आया था नाम

मसूद इलियास कश्मीरी जैश-ए-मोहम्मद का वरिष्ठ कमांडर है। उस पर वर्ष 2018 में जम्मू स्थित सुंजवान आर्मी कैंप पर हुए हमले की साजिश रचने का आरोप है। वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के सर्वाधिक वांछित आतंकियों में भी शामिल है। भारत ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत जैश-ए-मोहम्मद को आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है। PoK में संगठन के ठिकानों को लेकर कमांडर का यह सार्वजनिक बयान पाकिस्तान की भूमिका पर उठ रहे सवालों को और गंभीर बनाता है। इस्लामाबाद पर लंबे समय से आरोप लगते रहे हैं कि वह भारत को निशाना बनाने वाले आतंकी संगठनों को अपने यहां सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध करा रहा है।

 

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts