PU Special :मप्र के बाघों को नहीं मिल रहे 'लेनदार', सहमति के बावजूद राजस्थान, ओडिशा और छत्तीसगढ़ ने नहीं दिखाई तेजी

संतोष चौधरी,भोपाल। देश में सर्वाधिक 786 बाघों वाले 'टाइगर स्टेट' मध्यप्रदेश में बाघों का कुनबा तो तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन अब प्रदेश के जंगलों में इनके लिए जगह कम पड़ने लगी है। इस समस्या से निपटने और अन्य राज्यों में बाघों की आबादी व जीन पूल को मजबूत करने के लिए करीब साल भर पहले 10 बाघों को दूसरे राज्यों में भेजने की सहमति बनी थी। हालांकि, एक वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक केवल एक ही बाघिन को दूसरे राज्य में शिफ्ट किया जा सका है। शेष 9 बाघों को लेने के लिए संबंधित राज्यों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
क्यों पड़ी शिफ्टिंग की जरूरत?
प्रदेश के प्रमुख टाइगर रिजर्व—बांधवगढ़, कान्हा और पेंच में बाघों की संख्या क्षमता से अधिक हो रही है। क्षेत्र छोटा पड़ने के कारण बाघों के बीच आपसी वर्चस्व (टेरेटरी) को लेकर संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी अन्य राज्यों को बाघ देने की पेशकश की थी। नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) की मंजूरी के बाद इंटर-स्टेट टाइगर ट्रांसलोकेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ को 4, ओडिशा को 3 और राजस्थान को 3 (नर-मादा जोड़े) बाघ देने का निर्णय लिया गया था। शर्त के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया का खर्च संबंधित राज्यों को ही उठाना है।
तैयारियों के नाम पर टालमटोल कर रहे दूसरे राज्य
मध्यप्रदेश वन विभाग की ओर से तीनों राज्यों को कई बार रिमाइंडर पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन हर बार वहां से 'तैयारियां जारी होने' का जवाब मिल रहा है। इन राज्यों को बाघों के अनुकूल रहवास और सुरक्षा व्यवस्था तैयार करनी थी। इसके लिए मप्र के अधिकारियों ने वहां के रिजर्व का दौरा भी किया था और उन राज्यों के दलों ने मप्र आकर बाघों की जरूरतों का अध्ययन भी किया, फिर भी प्रक्रिया अटकी हुई है।
अब तक सिर्फ 'PN-224' बाघिन ही जा सकी राजस्थान
एक साल की लंबी अवधि में केवल राजस्थान ने ही एक बाघिन को अपनाया है। पिछले साल दिसंबर में पेंच टाइगर रिजर्व से बाघिन 'PN-224' को राजस्थान के रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व भेजा गया था। सफल अनुकूलन के बाद अब उसे खुले जंगल में छोड़ दिया गया है, जहां उसे 'आरवीटी-9' (RVT-9) की नई पहचान मिली है।
हम तो मप्र से बाघ भेजने के खिलाफ हैं
इस मामले में वाइल्ड लाइफ एक्टिविस्ट अजय दुबे का कहना है हम शुरू से ही मप्र के बाघों को दूसरे राज्यों में भेजने के खिलाफ हैं। करीब 8-10 साल पहले भी दो बाघ ओडिशा भेजे गए थे। वहां स्थानीय विरोध के चलते ग्रामीणों ने एक बाघ को मार डाला था, जिसके बाद दूसरी बाघिन को जान बचाकर वापस भोपाल के वन विहार लाना पड़ा था।
बाघों को भेजने की प्रक्रिया जारी है
पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ डॉ. समीता राजौरा का कहना है कि मप्र से ओडिशा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ को कुल 10 बाघ-बाघिन भेजे जाने हैं। इनमें से एक बाघिन को पिछले साल राजस्थान भेजा जा चुका है। शेष बाघों को भेजे जाने की प्रक्रिया अभी जारी है।
ये भी पढ़ें: ‘वीकेंड विद टाइगर्स’: कान्हा के जंगल में अभिनेत्री सोनल चौहान की सफारी, सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें




















