PU Special :एनीमिया के खिलाफ जंग में MP की बेहतर स्थिति, मां-बेटियों की सेहत देश में सबसे बेहतर

मध्यप्रदेश में मां से लेकर बेटियों और स्कूली बच्चों तक, एनीमिया के खिलाफ लड़ाई में प्रदेश ने बेहतर स्थिति हासिल की है। महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में खून की कमी का स्तर राष्ट्रीय औसत से काफी कम दर्ज किया गया है।
एनीमिया के खिलाफ जंग में MP की बेहतर स्थिति, मां-बेटियों की सेहत देश में सबसे बेहतर
एनीमिया के खिलाफ जंग में MP की बेहतर स्थिति

प्रवीण श्रीवास्तव , भोपाल। बुधवार को जारी सम्पदा सर्वेक्षण 2023–25 के आंकड़ों के मुताबिक, 15 से 49 साल की महिलाओं में एनीमिया का स्तर 40.2% रहा, जबकि राष्ट्रीय औसत 55.9% है। किशोरियों में यह आंकड़ा 32.4% और 5 से 9 साल के बच्चों में 17.6% दर्ज किया गया है। महिलाओं, किशोरियों और स्कूली बच्चों में एनीमिया की सबसे कम दर वाले 18 बड़े राज्यों में मध्यप्रदेश दूसरे स्थान पर है। हालांकि, एक साल से पांच साल से कम उम्र के बच्चों में एनीमिया का अनुमान 35% होने से चुनौती अब भी बनी हुई है।

महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया का स्तर राष्ट्रीय औसत से कम

सर्वेक्षण (2023–25) के अनुसार, प्रदेश में 15 से 49 साल की महिलाओं में एनीमिया का स्तर 40.2% रहा, जबकि राष्ट्रीय औसत 55.9% है। इसी तरह किशोरियों में यह आंकड़ा 32.4% रहा, जबकि देश में 46.3% किशोरियां एनीमिया से प्रभावित हैं। 5 से 9 साल के बच्चों में प्रदेश का आंकड़ा 17.6% रहा, जबकि देश का औसत 31.3% है। मालूम हो कि इससे पहले NFHS-5 (2019–21) में प्रदेश के छह माह से पांच साल से कम उम्र के करीब 73% बच्चों और 15 से 49 साल की करीब 55% महिलाओं में एनीमिया दर्ज हुआ था।

ये भी पढ़ें: देश में एनीमिया के मामलों में आई कमी, ICMR का सर्वेक्षण आया सामने

आयरन की गोलियों से आगे बढ़कर तैयार की पूरी व्यवस्था

अधिकारियों के मुताबिक, एनीमिया रोकने के लिए अब तक आयरन की गोलियां ही विकल्प थीं, लेकिन अब इसकी रोकथाम के लिए पूरी चैन तैयार की गई है। इसमें लोगों तक पहुंचकर हीमोग्लोबिन की जांच, एनीमिया मिलने पर समय पर इलाज और इलाज के बाद दोबारा जांच की जा रही है। इसके साथ ही फॉलोअप जांच से यह पता लगाया जा रहा है कि मरीज का हीमोग्लोबिन अपेक्षित स्तर तक बढ़ा या नहीं।

एनीमिया मुक्त भारत 2.0 में टी-4 रणनीति पर जोर

एनीमिया मुक्त भारत 2.0 के तहत टी-4 रणनीति इसी प्रक्रिया को मजबूत करने पर केंद्रित है। इसके तहत मरीज की पहचान से लेकर इलाज और दोबारा जांच के जरिए सुधार की पुष्टि तक नजर रखी जा रही है। इसका उद्देश्य एनीमिया के मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ यह सुनिश्चित करना है कि इलाज के बाद उनके हीमोग्लोबिन का स्तर अपेक्षित स्तर तक पहुंचा है या नहीं।

छोटे बच्चों में खून की कमी अब भी चिंता का विषय

प्रदेश में एक साल से पांच साल से कम उम्र के बच्चों में एनीमिया का अनुमान 35% रहा, जबकि राष्ट्रीय औसत 41.8% है। इस आयु समूह में मध्यप्रदेश 18 बड़े राज्यों में चौथे स्थान पर रहा। महाराष्ट्र में यह अनुमान 34.8%, राजस्थान में 41.1%, उत्तर प्रदेश में 43.1%, छत्तीसगढ़ में 55.6% और गुजरात में 56.5% रहा। प्रदेश की स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर होने के बावजूद छोटे बच्चों में खून की कमी चिंता का विषय बनी हुई है। इस उम्र में पोषण, समय पर जांच और उपचार बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसलिए एनीमिया नियंत्रण की रणनीति में छोटे बच्चों तक सेवाएं पहुंचाना प्रमुख प्राथमिकता है।

Breaking News

महिलाओं, किशोरियों और स्कूली बच्चों में देशभर में सातवां स्थान

18 बड़े राज्यों की तुलना में महिलाओं (15–49 वर्ष), किशोरियों (10–19 वर्ष) और 5–9 साल के बच्चों में एनीमिया की सबसे कम दर वाले राज्यों में मध्यप्रदेश दूसरे स्थान पर है। महिलाओं में 40.2% एनीमिया के साथ प्रदेश देश के 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सातवें और 18 बड़े राज्यों में दूसरे स्थान पर है। किशोरियों में 32.4% एनीमिया के साथ देशभर में छठा और बड़े राज्यों में दूसरा स्थान है, जबकि स्कूली बच्चों में 17.6% एनीमिया के साथ देशभर में सातवां और बड़े राज्यों में दूसरा स्थान है। छोटे बच्चों में 35% एनीमिया के साथ प्रदेश 18 बड़े राज्यों में चौथे स्थान पर है। सर्वेक्षण के मुताबिक, सभी नौ समूहों में मध्यप्रदेश का एनीमिया अनुमान राष्ट्रीय औसत से कम रहा।

एनीमिया खत्म करने के लिए लगातार प्रयास जरूरी

पूर्व अधीक्षक जेपी अस्पताल डॉ. एसके सक्सेना ने बताया कि एनीमिया के मामलों में प्रदेश की स्थिति बेहतर होना सकारात्मक संकेत है, लेकिन इसे पूरी तरह खत्म करने के लिए अभी लगातार प्रयासों की जरूरत है। महिलाओं और किशोरियों में खानपान की आदतों में सुधार, आयरन और प्रोटीन से भरपूर भोजन की उपलब्धता और नियमित हीमोग्लोबिन जांच पर विशेष ध्यान देना होगा। गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को प्राथमिकता देकर पोषण सेवाओं की पहुंच बढ़ानी चाहिए। जिन मरीजों में आयरन की दवा लेने के बाद भी हीमोग्लोबिन नहीं बढ़ता, उनमें एनीमिया के दूसरे कारणों की जांच जरूरी है। वहीं, एनएचएम की ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. अर्चना मिश्रा ने कहा कि लगातार सर्विलांस और प्रयासों के बाद यह नतीजे आए हैं। हमारा लक्ष्य इसे और बेहतर करना है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts