भोपाल में दशहरा का भव्य आयोजन, धूं-धूं कर जला रावण, मेघनाथ और कुंभकरण का पुतला, अधर्म पर हुई धर्म की विजय

भोपाल। राजधानी भोपाल में गुरुवार को विजयादशमी का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह दिन बुराई पर अच्छाई की जीत और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। शहर के विभिन्न दशहरा मैदानों पर रावण के साथ मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का भी दहन किया गया। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। वहीं भोपाल के छोला दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। भगवान श्रीराम ने जैसे ही रावण के पुतला में आग लगाई पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारे से गूंज उठा।
कोलार में 105 फीट ऊंचा रावण
कोलार के बंजारी दशहरा मैदान में 105 फीट ऊंचा रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। लाखों लोग प्रत्यक्ष रूप से और करोड़ों लोग सोशल मीडिया व यूट्यूब पर रावण दहन का कार्यक्रम देखा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और रामलीला का मंचन
इसके अलावा, छोला दशहरा मैदान, ईदगाह हिल्स, कोलार और अवधपुरी जैसे प्रमुख स्थानों पर भी रावण दहन के बड़े आयोजन हुए। जहां कारीगरों द्वारा बनाए गए विशाल पुतले आग के हवाले किए गए। इन जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और रामलीला का मंचन भी किया गया। जिसने उत्सव के माहौल को और जीवंत बना दिया।
समय से पहले रावण दहन
हालांकि, दशहरे के दिन भोपाल के आशिमा मॉल के पास दशहरा मैदान पर लगे 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले में आयोजन से गुरुवार सुबह कुछ युवकों ने आग लगा दी। सुबह 6 बजे हुई इस घटना से आयोजन समिति और इलाके के लोग परेशान हो गए। वहीं स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया। लेकिन आयोजकों ने तुरंत नया पुतला तैयार कराकर शाम का मुख्य कार्यक्रम संपन्न कराया।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे, ताकि सभी जगह दशहरा शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सके। रावण दहन के बाद लोगों ने एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य आयोजन स्थलों की झलक
- कोलार, बंजारी मैदान में 105 फीट रावण, जयपुर-शिवाकाशी की आतिशबाजी। सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या।
- बिट्टन मार्केट में 53 फीट रावण, 52 फीट मेघनाद और कुंभकर्ण। आकर्षक आतिशबाजी।
- राजेंद्र नगर कॉलोनी में 60 फीट रावण, चल समारोह, भजन संध्या। समय: रात 8 बजे
- छोला दशहरा मैदान में 51 फीट रावण, राम-रावण की झांकियां।
- टीटी नगर में 51 फीट रावण, हनुमान लीला, साहित्यकार सम्मान।
- सलैया आकृति इको सिटी 90 फीट रावण, कलाकारों की प्रस्तुति।
- अन्य आयोजन स्थल शाहपुरा, मिनाल ग्राउंड, कलिया सोत, भेल दशहरा मैदान, पंचवटी एयरपोर्ट रोड, एकतापुरी, दुर्गाधाम अशोका गार्डन आदि में भी 51 फीट से अधिक ऊंचे रावण के पुतलों का दहन। सभी आयोजनों में भव्य झांकियां, भजन संध्या, आतिशबाजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुई।




















