पांढुर्णा में बिरसा मुंडा कार्यक्रम के आमंत्रण कार्ड से आदिवासी विधायक का नाम गायब, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

छिंदवाड़ा-पांढुर्णा। पांढुर्ना में आदिवासी समाज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बयान और बिरसा मुंडा जन्मोत्सव के आमंत्रण कार्ड से विधायक नीलेश उईके का नाम गायब होने पर नाराजगी जताई।
जिला अध्यक्ष अरुण कुमार धुर्वे के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें सात मांगें रखी गईं। इनमें मुख्यमंत्री से सार्वजनिक माफी, 9 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश और विधायक के अपमान पर नगरपालिका प्रशासन से खेद जताने की मांग शामिल है।
सीएम के बयान की निंदा
मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के महत्व को नकारना आदिवासी समाज की गौरव, संस्कृति और अधिकारों पर सीधा हमला है। ज्ञापन में मांग की गई कि मुख्यमंत्री अपने बयान को वापस लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और दोषियों पर संवैधानिक कार्रवाई हो।
क्षेत्रीय आदिवासी विधायक का अपमान
नगरपालिका परिषद पांढुर्णा द्वारा 15 नवंबर को आयोजित बिरसा मुंडा प्रतिमा अनावरण एवं कॉम्प्लेक्स अनावरण कार्यक्रम के आमंत्रण कार्ड से पांढुर्णा के लोकप्रिय आदिवासी विधायक नीलेश उईके का नाम जानबूझकर हटा दिया गया है। यह पांढुर्णा की जनता के जनादेश और समस्त आदिवासी समाज का अपमान है।
ज्ञापन की प्रमुख 7 मांगें...
- मुख्यमंत्री अपने आदिवासी विरोधी बयान पर सार्वजनिक माफी मांगें।
- मुख्यमंत्री के बयान की संवैधानिक और प्रशासनिक जांच कर कार्रवाई की जाए।
- 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस को अंतरराष्ट्रीय मान्यता एवं महत्व के अनुरूप सम्मानपूर्वक मनाया जाए।
- भारत सरकार एवं राज्य सरकार को निर्देशित किया जाए कि विश्व आदिवासी दिवस को सम्मानपूर्वक मनाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करें।
- मध्यप्रदेश में 9 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर सरकारी स्तर पर कार्यक्रम आयोजित हों।
- आदिवासी समाज की संस्कृति, भाषा, परंपराओं और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
- स्थानीय स्तर पर आदिवासी विधायक के अपमान के लिए नगरपालिका प्रशासन खेद व्यक्त करे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष इंजी. अरुण कुमार धुर्वे ने कहा कि "हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा करना है। विश्व आदिवासी दिवस हमारी पहचान है, इससे समझौता नहीं होगा।"
ज्ञापन सौंपते समय क्षेत्रीय विधायक निलेश उइके, जिला कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अरुण कुमार धुर्वे, आदिवासी विकास परिषद जिला अध्यक्ष रामनाथ परतेती मीडिया जिला अध्यक्ष देवकांत मंडोवगड़े, जनपद पंचायत अध्यक श्रीमती लता सिंह तुमडाम , नगर अध्यक्ष जयंता घोड़े, एड रामप्रसाद कैलाश पराड़कर , चन्दरलाल परतेती , आनंद उइके, प्रतिमा मेश्राम , अजय परतेती, पदाधिकारी, सरपंच संघ के प्रतिनिधि, आदिवासी विकास परिषद कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।




















