Durg News:दुर्ग जिला अस्पताल में चींटियों का राज, 3 दिन से बंद सिजेरियन ऑपरेशन, कई सर्जरी प्रभावित।

दुर्ग: दुर्ग जिला अस्पताल की मदर-चाइल्ड यूनिट में बड़ी लापरवाही सामने आई है। ऑपरेशन थिएटर में बड़ी संख्या में चींटियां पहुंचने के कारण पिछले तीन दिनों से सिजेरियन डिलीवरी रोकनी पड़ी। संक्रमण के खतरे को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने ओटी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। अब सभी सीजर ऑपरेशन दूसरे मेजर ऑपरेशन थिएटर में किए जा रहे हैं, जिससे अन्य निर्धारित सर्जरी भी प्रभावित हुई हैं।

Raipur News: राष्ट्रपति भवन में बस्तर का ऐतिहासिक सम्मान: राष्ट्रपति मुर्मु ने खुद परोसा भोजन
ऑपरेशन थिएटर में चींटियों का हमला
दुर्ग जिला चिकित्सालय की मदर-चाइल्ड यूनिट के ऑपरेशन थिएटर में चींटियां पहुंच जाने से अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। संक्रमण की आशंका को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पिछले तीन दिनों से सिजेरियन ऑपरेशन रोक दिए हैं। इससे गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी व्यवस्था प्रभावित हुई है।
रोजाना कई ऑपरेशन टले
मदर-चाइल्ड यूनिट का ओटी बंद होने के कारण सभी सिजेरियन ऑपरेशन मेजर ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किए गए हैं। इससे पहले से तय आर्थोपेडिक और अन्य प्लांड सर्जरी प्रभावित हुईं। अस्पताल में रोजाना औसतन पांच निर्धारित ऑपरेशन टालने पड़े, जबकि आपातकालीन सर्जरी दूसरी टेबल पर जारी रखी गई।
पुरानी इमारत बनी बड़ी वजह
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, पुरानी इमारत की उखड़ी टाइल्स और उनमें बनी दरारों से चींटियां ऑपरेशन थिएटर तक पहुंच रही थीं। पेस्ट कंट्रोल की कमी और भवन की तकनीकी खामियों को भी इस समस्या का कारण माना जा रहा है।

Bilaspur News: सेक्स CD कांड मामले में भूपेश बघेल को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, ट्रायल पर अंतरिम रोक
ओटी सील, फ्यूमिगेशन शुरू
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रभावित ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया गया है। पेस्ट कंट्रोल, फ्यूमिगेशन और आवश्यक मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है ताकि संक्रमण का खतरा पूरी तरह खत्म किया जा सके।
सिविल सर्जन ने क्या कहा
सिविल सर्जन डॉ. आशीषण मिंज ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल किसी भी मरीज को दूसरे अस्पताल रेफर नहीं किया गया है। सभी आवश्यक ऑपरेशन अस्पताल के दूसरे ऑपरेशन थिएटर में किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फ्यूमिगेशन और तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले दो से तीन दिनों में मदर-चाइल्ड यूनिट का ऑपरेशन थिएटर दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।

स्थायी समाधान की तैयारी
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए भवन की तकनीकी खामियों को दूर करने और स्थायी समाधान पर भी काम किया जा रहा है।












