रायपुर में 13 साल की छात्रा से गैंगरेप, धमकी के डर से एक महीने तक छिपाई वारदात,दोनों आरोपी नाबालिग

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 साल की नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता को आरोपियों ने घटना के बाद किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसी डर के चलते मासूम करीब एक महीने तक खामोश रही। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में अचानक तबीयत बिगड़ने और चक्कर आने के बाद उसने अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया। दोनों की उम्र 14 और 16 वर्ष बताई गई है। बाल न्यायालय में पेशी के बाद उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: बालोद में 13 साल की बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, एक नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार
सहेली से मिलने गई थी छात्रा, घर पर नहीं मिली दोस्त
पुलिस के मुताबिक, घटना 25 सितंबर की बताई जा रही है। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा अपनी सहेली से मिलने उसके घर पहुंची थी। वहां सहेली मौजूद नहीं थी, लेकिन उसका भाई और एक अन्य नाबालिग घर पर थे। आरोप है कि दोनों ने छात्रा को अकेला पाकर उसे धमकाया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
जान से मारने की धमकी देकर किया खामोश
वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता को किसी को भी घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस धमकी से डरी हुई बालिका ने घर पहुंचकर भी किसी को कुछ नहीं बताया। वह अंदर ही अंदर इस घटना का डर झेलती रही।
एक आरोपी ने छोड़ी पढ़ाई, दूसरा नौवीं का छात्र
मामले में सामने आया है कि दोनों आरोपी नाबालिग हैं। इनमें से एक ने पढ़ाई छोड़ दी है, जबकि दूसरा नौवीं कक्षा में अध्ययनरत बताया जा रहा है। दोनों विधानसभा क्षेत्र की एक आवासीय कॉलोनी में रहते हैं। उनके परिवारों के बीच भी परिचय था और एक-दूसरे के घर आना-जाना लगा रहता था।
मजदूरी करने जाते थे माता-पिता, घर में रहती थी कम निगरानी
पीड़िता और दोनों आरोपियों के माता-पिता मजदूरी करते हैं। बताया गया है कि परिवार के सदस्य सुबह ही काम पर निकल जाते थे। इसी दौरान बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी कम रहती थी। घटना के बाद पीड़िता अपने घर लौट आई, लेकिन डर के कारण उसने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बिगड़ी तबीयत, मां के सामने खोला राज
घटना के करीब एक महीने बाद अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बालिका की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे अचानक चक्कर आने लगे। परिवार के सदस्यों ने जब उसकी परेशानी का कारण पूछा और बातचीत की, तब उसने आखिरकार अपनी मां को पूरी घटना बताई। बेटी की आपबीती सुनकर परिवार के लोग हैरान रह गए और तत्काल पुलिस थाने पहुंचे।
यह भी पढ़ें: कांकेर में नाबालिग से गैंगरेप का आरोप,परिचित युवक ने दोस्तों संग दिया वारदात को अंजाम, 4 आरोपी गिरफ्तार
पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज, बाल संप्रेषण गृह भेजे गए दोनों आरोपी
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर विधानसभा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॉक्सो एक्ट और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों को बाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।




















