बिलासपुर में बर्थडे पार्टी का खूनी बवाल,शोर का विरोध करने पर न्यायिक अधिकारी को पीटा,परिवार को भी घेरा

रायपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में देर रात जन्मदिन का जश्न विवाद और मारपीट में बदल गया। ढोल-नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने का विरोध करना महासमुंद कुटुंब न्यायालय में पदस्थ न्यायिक अधिकारी प्रफुल्ल कुमार सोनवानी को भारी पड़ गया। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने न्यायिक अधिकारी व उनके परिवार को घेरकर गाली-गलौज और मारपीट की। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संबंधित खबर: बीच सड़क पर नायब तहसीलदार ने काटा केक, सलमान खान के गाने पर बनाई Reel,आतिशबाजी का वीडियो वायरल
देर रात बर्थडे पार्टी, शोर-शराबे से परेशान हुआ परिवार
मामला बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित जूनियर MIG क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, यहां बीती रात जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था। पार्टी में देर रात तक ढोल-नगाड़े बजाए जा रहे थे और पटाखे फोड़े जा रहे थे। लगातार हो रहे शोर-शराबे से परेशान होकर महासमुंद कुटुंब न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी ने इसका विरोध किया और आपत्ति जताई।
विरोध करते ही बढ़ा विवाद, न्यायिक अधिकारी से मारपीट
आरोप है कि शोर-शराबे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। जन्मदिन की पार्टी में शामिल प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने न्यायिक अधिकारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान उनके परिवार के सदस्यों को भी घेरकर मारपीट किए जाने का आरोप है।
जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
पीड़ित पक्ष की शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने मारपीट के साथ जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की है।
संबंधित खबर: PU Special: 2 लाख की मूर्ति लेकर 1100 KM दूर मुंबई पहुंचा छत्तीसगढ़ का फैन, SKY को दिया ऐसा बर्थडे गिफ्ट।
दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी FIR
इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मारपीट और विवाद से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जन्मदिन की खुशियां मनाने के नाम पर देर रात का शोर-शराबा ऐसा विवाद बना कि मामला न्यायिक अधिकारी और उनके परिवार से मारपीट तक पहुंच गया।




















