Nvidia की AI चिप्स चीन भेजने के आरोपों पर Megaspeed का जवाब, कहा- कोई गैरकानूनी काम नहीं किया

सिंगापुर। अमेरिकी चिप कंपनी Nvidia की एडवांस्ड AI चिप्स को चीन तक पहुंचाने के आरोपों के बीच सिंगापुर की कंपनी Megaspeed ने अपना पक्ष रखा है। कंपनी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसने चिप्स का कोई अवैध ट्रांसफर नहीं किया। Megaspeed के मुताबिक, पिछले छह महीनों में अमेरिका, मलेशिया और Nvidia से जुड़ी संस्थाओं ने उसके यहां कई बार जांच की है। कंपनी का दावा है कि इन जांचों में किसी भी गैरकानूनी गतिविधि का सबूत नहीं मिला।
जासूसी विवाद के बाद चर्चा में आई कंपनी
Megaspeed उस समय चर्चा में आई, जब अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को बताया कि कंपनी से कथित तौर पर जुड़ी चीनी कारोबारी एलिस हुआंग Nvidia के CEO जेनसन हुआंग को निशाना बना रही थीं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों को एलिस हुआंग पर जासूसी से जुड़े संदेह थे। एक रिपोर्ट के अनुसार, एलिस हुआंग मार्च से नवंबर 2023 तक Megaspeed की मैनेजिंग डायरेक्टर थीं। इसके बाद उन्होंने यह पद सिंगापुर के नागरिक टैन योंग पोंग को सौंप दिया था।
Nvidia की चिप्स चीन भेजने के आरोप क्या हैं?
अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अपनी बढ़त बनाए रखने के लिए Nvidia की सबसे एडवांस्ड AI चिप्स के चीन को निर्यात पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी अधिकारी 2024 से Megaspeed की जांच कर रहे हैं। उन्हें संदेह था कि कंपनी अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने के लिए Nvidia की चिप्स चीन तक पहुंचाने में मदद कर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर के अधिकारियों ने भी 2025 में एलिस हुआंग से पूछताछ की थी।
एक दूसरी अन्य रिपोर्ट में ट्रेड रिकॉर्ड के हवाले से बताया गया कि Megaspeed की मलेशिया स्थित सहयोगी कंपनी ने जून 2024 से फरवरी 2026 के बीच कम से कम 4.8 अरब डॉलर के एडवांस्ड AI उपकरण खरीदे। इन उपकरणों में Nvidia की चिप्स और तकनीक शामिल थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, अपेक्षाकृत छोटी और कम चर्चित कंपनी के लिए इतनी बड़ी खरीद असामान्य थी।
Megaspeed ने जांच के बाद क्या कहा?
Megaspeed खुद को एशिया-प्रशांत क्षेत्र में Nvidia के कंप्यूटिंग पावर क्लाउड बिजनेस का प्रमुख साझेदार बताती है। कंपनी के मुताबिक, वह सिंगापुर, मलेशिया और इंडोनेशिया में काम करती है। कंपनी ने एक बयान जारी कर मीडिया रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों को भ्रामक बताया। उसने कहा कि पिछले छह महीनों में अमेरिकी वाणिज्य विभाग के ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी (BIS), मलेशिया के निवेश, व्यापार और उद्योग मंत्रालय और Nvidia समेत प्रमुख संस्थाओं ने उसके यहां जांच और समीक्षा की है। Megaspeed का दावा है कि इन विस्तृत जांचों में चिप्स के अवैध ट्रांसफर या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि का कोई सबूत नहीं मिला। कंपनी ने खुद को नियमों का पालन करने वाली वैध संस्था बताया है।
रिपोर्ट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
कंपनी ने कहा है कि वह अपनी प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए कानूनी कार्रवाई कर सकती है। Megaspeed ने मीडिया रिपोर्ट की कथित भ्रामक जानकारी के लिए संबंधित मीडिया संस्थान को जवाबदेह ठहराने की बात भी कही है। फिलहाल चिप्स के कथित अवैध ट्रांसफर और जासूसी से जुड़े आरोपों को लेकर मामला चर्चा में है। Megaspeed ने सभी आरोपों को खारिज किया है और जांच में किसी उल्लंघन का सबूत नहीं मिलने का दावा किया है।




















