सेमीकंडक्टर शेयरों में गिरावट के बीच खरीदारी का मौका, गोल्डमैन सैक्स को रिकवरी की उम्मीद

मुंबई। गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि सेमीकंडक्टर शेयरों में आई हालिया गिरावट जरूरत से ज्यादा हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार मौजूदा बाजार स्तर पर निवेशकों को खरीदारी का अवसर मिल सकता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, इसके बावजूद गोल्डमैन सैक्स को इस सेक्टर में सुधार की उम्मीद है। गोल्डमैन के मुताबिक सेमीकंडक्टर इंडेक्स (SOX) ने पिछले 10 वर्षों में S&P 500 की तुलना में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की है। दोनों इंडेक्स के प्रदर्शन में यह अंतर करीब 30 अंकों तक पहुंच गया है। पिछली बार ऐसी स्थितियों में यह अंतर 20 अंकों से अधिक रहा था।
गिरने के बाद मजबूत हुए हैं शेयर
आंकड़ों के मुताबिक, जब भी सेमीकंडक्टर शेयरों का प्रदर्शन इतना कमजोर हुआ है, उसके बाद उनमें मजबूत सुधार देखा गया है। इसी आधार पर हालिया गिरावट को निवेशकों के लिए खरीदारी का संभावित अवसर माना जा रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सेमीकंडक्टर शेयर अब ओवरसोल्ड (Oversold) स्थिति में पहुंच चुके हैं। गोल्डमैन सैक्स ने मौजूदा बाजार परिस्थितियों के आधार पर लार्ज-कैप AI कंप्यूट, मेमोरी और सेमी-कैप शेयरों के वैल्यूएशन का आकलन किया है। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार, साल के अंत से पहले इन शेयरों में तेजी लाने वाला कोई बड़ा कारण (Catalyst) फिलहाल नजर नहीं आ रहा है। गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि मौजूदा गिरावट इंडेक्स स्तर पर निवेश का अच्छा अवसर दे सकती है। हालांकि, बाजार में जोखिम कम करने की प्रक्रिया (De-risking) अभी जारी है। खासकर साल के अंत के आसपास इसका असर बना रह सकता है। ऐसे में सेमीकंडक्टर शेयरों की रिकवरी में कुछ समय लगने की संभावना है।
भविष्य को लेकर दो बड़ी चुनौतियां सामने आई
गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट में इन जोखिमों की पहचान की गई है। पहली चुनौती हाइपरस्केलर और AI मॉडल डेवलपर्स के खर्च से जुड़ी है। इसमें कैपिटल एक्सपेंडिचर (पूंजीगत व्यय) और फ्री कैश फ्लो के बीच फंडिंग का अंतर शामिल है। दूसरी चुनौती AI इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से संबंधित है। इसके लिए पर्याप्त जमीन, बिजली और डेटा सेंटर निर्माण की क्षमता उपलब्ध होना जरूरी है। इन चुनौतियों के बावजूद गोल्डमैन सैक्स को AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च मजबूत रहने की उम्मीद है। रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक 2027 में इस क्षेत्र में निवेश करीब 1.3 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच सकता है। यह सालाना आधार पर 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। वहीं, 2028 में निवेश 42 प्रतिशत बढ़कर 2 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।
डेटा सेंटर क्षमता में तेजी से विस्तार
AI के लिए बनाए जा रहे डेटा सेंटर की क्षमता में भी बड़ी बढ़ोतरी का अनुमान है। रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में यह क्षमता करीब 20 गीगावॉट (GW) रह सकती है। 2027 में इसके बढ़कर 35 GW होने की संभावना है। वहीं, 2028 तक यह आंकड़ा 57 GW तक पहुंच सकता है। इन निवेश अनुमानों में सिर्फ बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों का पारंपरिक कैपिटल एक्सपेंडिचर शामिल नहीं है। इसमें AI लैब, सरकारी AI परियोजनाओं और कॉर्पोरेट ग्राहकों का खर्च भी जोड़ा गया है।
2027 के निवेश पर जोखिम कम
गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि 2027 में 35 GW डेटा सेंटर क्षमता जोड़ने की योजना में जोखिम काफी कम है। वर्ष 2028 को लेकर भी बैंक का अनुमान है। इसके मुताबिक, उस साल कम से कम 35 GW अतिरिक्त वैश्विक क्षमता जुड़ सकती है। इस लक्ष्य को पूरा करने में एग्जीक्यूशन रिस्क यानी परियोजनाओं के क्रियान्वयन का जोखिम कम माना गया है। अगर सभी परियोजनाएं तय योजना के मुताबिक आगे बढ़ती हैं, तो 2028 में नई क्षमता 55 से 60 GW तक पहुंच सकती है। हालांकि, इसके लिए जमीन, बिजली और निर्माण क्षमता की उपलब्धता महत्वपूर्ण होगी। इन संसाधनों की कमी डेटा सेंटर विस्तार की रफ्तार को प्रभावित कर सकती है। इसका असर सेमीकंडक्टर की मांग पर भी पड़ सकता है।
सेमीकंडक्टर शेयरों में तेजी के संकेत सीमित
गोल्डमैन सैक्स के अनुसार साल के अंत तक सेमीकंडक्टर शेयरों में तेजी लाने वाले बड़े ट्रिगर्स फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं। इसके बावजूद कुछ चुनिंदा शेयरों का रिस्क-रिवॉर्ड संतुलन मौजूदा कीमतों पर आकर्षक दिखाई देता है। इन्वेस्टमेंट बैंक ने वैल्यूएशन में संभावित गिरावट की आशंका भी जताई है। इसका असर लार्ज-कैप AI कंप्यूटिंग, मेमोरी और सेमीकंडक्टर कैपिटल-इक्विपमेंट कंपनियों पर पड़ सकता है। इसकी वजह निवेशकों का भविष्य की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की रफ्तार और उनकी फंडिंग का आकलन करना है।




















