धर्मेंद्र सिंह चौहान फिर बने मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन में नियुक्तियों का दौर शुरू

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में संगठन को नए सिरे से तैयार करने की कवायद के बीच नियुक्तियों का सिलसिला शुरू हो गया है। पार्टी ने धर्मेंद्र सिंह चौहान को दोबारा मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस फैसले के बाद उनके समर्थकों में उत्साह है। उनकी पुनर्नियुक्ति को प्रदेश संगठन में नई नियुक्तियों की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

दो महीने पहले भंग किए गए थे प्रकोष्ठ और विभाग
कांग्रेस ने करीब दो महीने पहले संगठनात्मक ढांचे में बदलाव और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी प्रकोष्ठों और विभागों को भंग कर दिया था। इस फैसले के चलते किसान कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान भी अपने पद से हट गए थे। अब पार्टी ने उन्हें फिर से यह जिम्मेदारी सौंप दी है।
अन्य नियुक्तियों का भी इंतजार
सभी प्रकोष्ठों और विभागों को भंग किए जाने के बाद यह पहली आधिकारिक नियुक्ति बताई जा रही है। ऐसे में पार्टी के अगले संगठनात्मक कदमों को लेकर भी नजरें टिकी हैं। धर्मेंद्र सिंह चौहान की दोबारा नियुक्ति के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि कांग्रेस जल्द ही अन्य प्रकोष्ठों और विभागों में भी पदाधिकारियों के नाम घोषित कर सकती है। इससे प्रदेश संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क पर बैठे पटवारी-सिंघार और दिग्विजय सिंह
दिल्ली प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर बैठक
इस बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी दफ्तर में शुक्रवार को बैठकों का दौर चला। दिल्ली में एक नवंबर को होने वाले प्रदर्शन को लेकर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जिलों से आए नेताओं से बात की। सूत्रों की मानें तो हर जिले से करीब 500 कार्यकर्ताओें को दिल्ली जाने के लिए कहा जाना है। इस संबंध में अलग-अलग संभागों की बैठकें भी चल रही हैं।
ये भी पढ़ें: MP में 27% OBC आरक्षण पर कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला, जीतू पटवारी बोले- सुप्रीम कोर्ट जाएगी पार्टी




















