सीएम धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर की बात, बोले- घटना को पीछे छोड़ आगे बढ़ा जाए

विवाद के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना और घटनाक्रम पर चर्चा की। इससे पहले उन्होंने दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह से भी बात की थी। मीका सिंह समेत कई हस्तियों ने मंत्री से माफी मांगने की मांग की है।
दलेर मेहंदी से सीएम धामी ने फोन पर की बात
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा कि उन्होंने प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान पिछले दिनों हुए घटनाक्रम पर भी चर्चा हुई। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में कलाकारों का हमेशा स्वागत और सम्मान किया जाता है।
अतिथि देवो भवः की परंपरा का दिया हवाला
सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अतिथि देवो भवः की समृद्ध परंपरा का संवाहक है। यहां की लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना प्रदेश की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने का प्रयास किया जाना चाहिए।
मंत्री सुबोध उनियाल के बयान से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, पिछले रविवार को नवरात्र के अवसर पर नई टिहरी में आयोजित कार्यक्रम में दलेर मेहंदी को प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया था। इसी दौरान उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने कथित तौर पर आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी ने शराब पी रखी है, इसलिए वह गा नहीं पा रहे हैं। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया।
मीका सिंह समेत कई हस्तियों ने जताई नाराजगी
दलेर मेहंदी के साथ हुए बर्ताव को लेकर उनके भाई और सिंगर मीका सिंह समेत फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने नाराजगी जताई है। मीका सिंह ने मंत्री के आरोप पर सवाल उठाते हुए उनसे इसे साबित करने को कहा। कई हस्तियों ने इस मामले में मंत्री से माफी मांगने की मांग भी की है।
पहले मीका सिंह से भी हुई थी बातचीत
दलेर मेहंदी से बात करने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके भाई मीका सिंह से भी फोन पर बातचीत की थी। सीएम ने गुरुवार को बताया था कि बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी से जुड़े विषय पर चर्चा हुई और उन्होंने कहा कि किसी भी गलतफहमी को आपसी संवाद और सौहार्द से दूर किया जाना चाहिए।
'अतिथि देवो भवः की हमारी महान परंपरा का संवाहक'
मीका सिंह से बातचीत के दौरान भी सीएम धामी ने कहा था कि देवभूमि उत्तराखंड अतिथि देवो भवः की महान परंपरा का संवाहक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी कलाकारों का दिल से स्वागत और सम्मान किया जाता है। अब दलेर मेहंदी से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने आपसी संवाद और सकारात्मकता के साथ विवाद को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की बात कही है।




















