भोपाल में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क पर बैठे पटवारी-सिंघार और दिग्विजय सिंह

भोपाल। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को भोपाल में तेज हो गया। बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। भोपाल के अलावा इंदौर में भी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे और लगातार नारेबाजी करते रहे।
जीतू पटवारी ने की इस्तीफे की मांग
जीतू पटवारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उन्हें 'देशद्रोही' बताते हुए कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने मध्य प्रदेश से करीब एक लाख कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिल्ली कूच करने की बात भी कही। उनके मुताबिक चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।
भोपाल के न्यू मार्केट में छोले-भटूरे की दुकान में भीषण आग, 25 फीट तक उठीं लपटें
दिग्विजय सिंह बोले- जनता के अधिकार वापस दिलाने की लड़ाई
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकार छीन लिए गए हैं और कांग्रेस उन अधिकारों को वापस दिलाने के लिए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाब मांग रहे हैं।
पोस्टर लेकर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता अलग-अलग पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे। इनमें 'ज्ञानू, तेरी मैं क्यों मानूं' और 'केचुआ मोदी के कब्जे में' जैसे नारे लिखे हुए थे। कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।




















