पचमढ़ी में 11 साल की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, स्कूल न जाने पर मां ने डांटा था

सोहागपुर। पचमढ़ी में गुरुवार को 11 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नालंदा टोला निवासी जमुना प्रसाद आदिवासी की बेटी की मौत फांसी लगाने से हुई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छठवीं कक्षा में पढ़ती थी छात्रा
पचमढ़ी थाना प्रभारी गोपाल घासले के मुताबिक, छात्रा कक्षा छठवीं में पढ़ती थी। पुलिस के अनुसार, छात्रा ने साड़ी से फांसी लगाई थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि स्कूल नहीं जाने पर उसकी मां ने उसे डांटा था। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि डांट का घटना से कोई सीधा संबंध था।
जांच के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
महज 11 साल की उम्र में छात्रा की मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक है। फिलहाल, घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने और तथ्यों के सामने आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। शुक्रवार को छात्रा का अंतिम संस्कार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।




















