PlayBreaking News

Delhi:30 जून से शुरू होगा वोटर लिस्ट अपडेट अभियान, घर-घर पहुंचेंगे BLO, 7 अक्टूबर को जारी होगी नई मतदाता सूची

दिल्ली में मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट करने के लिए 30 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू किया जा रहा है। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। अभियान का उद्देश्य नए वोटरों को जोड़ना और अपात्र नामों को हटाकर मतदाता सूची को पूरी तरह सही बनाना है।
Follow on Google News
30 जून से शुरू होगा वोटर लिस्ट अपडेट अभियान, घर-घर पहुंचेंगे BLO, 7 अक्टूबर को जारी होगी नई मतदाता सूची
फाइल फोटो

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची को अपडेट करने की बड़ी प्रक्रिया 30 जून से शुरू होने जा रही है। चुनाव आयोग ने इसके लिए वोटर लिस्ट अपडेट (SIR) अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। इस अभियान के तहत हजारों बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। जिन लोगों का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ना है, जानकारी सुधारनी है या किसी गलती को ठीक कराना है, उनके लिए यह अच्छा मौका होगा। पूरी प्रक्रिया तय समय के अनुसार पूरी की जाएगी और अक्टूबर में अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।

21 साल बाद शुरू हो रहा अभियान

दिल्ली में लंबे समय बाद इतने बड़े स्तर पर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। चुनाव आयोग का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि केवल योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल रहे। जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है या जो दिल्ली छोड़कर दूसरी जगह बस चुके हैं, उनके नाम सूची से हटाए जाएंगे। वहीं नए योग्य मतदाताओं को सूची में शामिल किया जाएगा।

30 जून से घर घर पहुंचेंगे BLO

30 जून से बूथ लेवल ऑफिसर राजधानी के सभी इलाकों में घर घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। सत्यापन के दौरान हर मतदाता को एन्यूमरेशन फॉर्म दिया जाएगा। इस फॉर्म की दो प्रतियां होंगी, जिनमें से एक भरकर BLO को देनी होगी और दूसरी अपने पास सुरक्षित रखनी होगी। अगर पहली बार घर पर कोई नहीं मिलता है तो अधिकारी दोबारा और जरूरत पड़ने पर तीसरी बार भी घर आएंगे।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में EV पॉलिसी 2026 लॉन्च: 1 जुलाई से होगी लागू, जानिए क्या होंगे बड़े बदलाव?

ऑनलाइन भी भर सकेंगे फॉर्म

जो लोग नौकरी, पढ़ाई या किसी अन्य कारण से घर पर मौजूद नहीं रहते, उनके लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। ऐसे मतदाता अपना एन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन भरकर जमा कर सकते हैं। इससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पूरी प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी।

बिना दस्तावेज जमा किए पूरी होगी प्रक्रिया

चुनाव आयोग ने इस बार प्रक्रिया को सरल बनाया है। सामान्य स्थिति में फॉर्म जमा करते समय किसी अतिरिक्त दस्तावेज या पहचान पत्र की फोटोकॉपी देने की जरूरत नहीं होगी। जरूरत पड़ने पर ही संबंधित अधिकारी अतिरिक्त जानकारी मांग सकते हैं। इससे लोगों का समय भी बचेगा और प्रक्रिया भी तेज होगी।

अगस्त से अक्टूबर तक चलेगी पूरी प्रक्रिया

घर घर सत्यापन का काम 30 जून से शुरू होकर 29 जुलाई तक चलेगा। इसके बाद 5 अगस्त को मतदाता सूची का पहला ड्राफ्ट जारी किया जाएगा। यदि किसी मतदाता को अपने नाम, पते या अन्य जानकारी में कोई गलती दिखाई देती है तो वह 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेगा। सभी शिकायतों का निपटारा 3 अक्टूबर तक किया जाएगा और 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।

अपील करने का भी मिलेगा पूरा अधिकार

अगर किसी मतदाता का नाम हटाया जाता है या किसी तरह की आपत्ति होती है तो उसके लिए अपील की व्यवस्था भी की गई है। पहले संबंधित निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज की जा सकेगी। यदि वहां समाधान नहीं मिलता है तो जिला निर्वाचन अधिकारी और उसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी के सामने भी अपील की जा सकती है। इससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहेगी।

ये भी पढ़ें: Tatkal Passport Scheme : अब 3 दिन में घर आएगा पासपोर्ट, जानें फीस, जरूरी दस्तावेज और पूरा प्रोसेस

दिल्ली में हैं 1.45 करोड़ से ज्यादा मतदाता

वर्तमान समय में दिल्ली में करीब 1.45 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें पुरुष, महिला, दिव्यांग, थर्ड जेंडर और पहली बार मतदान करने वाले युवा भी शामिल हैं। राजधानी में 13 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव आयोग का कहना है कि इस अभियान के बाद मतदाता सूची पहले से ज्यादा सटीक और भरोसेमंद होगी, जिससे आने वाले चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराए जा सकेंगे।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts