दिल्ली के उस्मानपुर में एनकाउंटर! 26 राउंड फायरिंग के बाद दो बदमाश घायल

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में पुलिस और दो अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम जंगल के रास्ते अपने घर की ओर आने वाले हैं। टीम ने उनकी गिरफ्तारी के लिए इलाके में घेराबंदी की। आरोप है कि दोनों ने पुलिस को देखते ही गोली चला दी, जिसके बाद जवानों ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान करीब 26 राउंड गोलियां चलीं। दोनों आरोपियों के बाएं पैर में गोली लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड और गैंग कनेक्शन की जांच कर रही है।
जंगल के रास्ते आने की मिली थी सूचना
पुलिस को दोनों आरोपियों के उस्मानपुर पहुंचने की जानकारी पहले ही मिल गई थी। बताया गया था कि वे इलाके के जंगलनुमा रास्ते का इस्तेमाल करेंगे। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ की टीम ने उसी रास्ते पर निगरानी बढ़ा दी और दोनों को पकड़ने के लिए ट्रैप तैयार किया। पुलिस के मुताबिक, जैसे ही कैफ और जसीम बताए गए स्थान पर पहुंचे, टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाब दिया। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के बाएं पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया गया।
26 राउंड फायरिंग, दो पुलिसकर्मी भी निशाने पर
मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 26 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। इस दौरान दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। जैकेट की वजह से दोनों जवानों को कोई चोट नहीं आई। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की जांच शुरू कर दी।
कारोबारी के घर फायरिंग से जुड़ा मामला
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कैफ और जसीम हाल में किन घटनाओं में शामिल रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों पर भजनपुरा इलाके में एक कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग करने का आरोप है। पुलिस इसी मामले के बाद उनकी तलाश कर रही थी।
गैंग कनेक्शन की भी जांच
दोनों आरोपियों पर राशिद केबलवाला गैंग से जुड़े होने की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क का किसी बड़े आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं।
SIR विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई , CEC ज्ञानेश कुमार के फैसलों पर उठे सवाल
पुराने मामलों की जानकारी जुटा रही पुलिस
मुठभेड़ के बाद पुलिस घटनास्थल से जुड़े सबूत जुटा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है।




















