सीहोर: तीन घंटे के चक्काजाम के बाद पुलिस का बड़ा खुलासा, सुरक्षा गार्ड की लोडेड राइफल से चली गोली ने ली सचिन की जान

सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम भाऊखेड़ी में युवक सचिन वर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में आखिरकार पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। जिस गोलीकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी और जिसके विरोध में परिजनों व ग्रामीणों ने तीन घंटे तक सड़क पर चक्काजाम कर पुलिस प्रशासन को घेरा था, उसकी गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गांव में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करने वाले एक व्यक्ति की लाइसेंसी 12 बोर राइफल से चली गोली सचिन के सिर में लगी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल राइफल, पहने हुए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शुरुआत में यह ब्लाइंड केस था, लेकिन एसआईटी और विभिन्न जांच टीमों की पड़ताल ने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ दीं।
ब्लाइंड केस से आरोपी तक पहुंची पुलिस
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के मुताबिक घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया था। एफएसएल, फिंगरप्रिंट और साइबर टीम के साथ एसडीओपी भैरूंदा, टीआई भैरूंदा, टीआई इछावर, टीआई सिद्दीकगंज, टीआई मंडी और टीआई कोतवाली को जांच में लगाया गया। परिजनों की मांग पर विशेष एसआईटी भी गठित की गई। शुरुआत में घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी खुलकर सामने नहीं आ रहा था। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि गोली किसने चलाई और किन परिस्थितियों में सचिन की जान गई। गांव से मिले इनपुट, पूछताछ और चश्मदीद गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस संदिग्ध तक पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
ड्यूटी के बाद राइफल अनलोड करना भूला गार्ड
पुलिस के अनुसार आरोपी उसी गांव का निवासी है और निर्माणाधीन पानी की टंकी पर सुरक्षा गार्ड के रूप में नौकरी करता है। उसके पास लाइसेंसी 12 बोर राइफल थी। पूछताछ में सामने आया कि वह सामान्यतः ड्यूटी खत्म होने के बाद अपनी राइफल अनलोड कर देता था, लेकिन घटना वाली रात ऐसा करना भूल गया। राइफल में कारतूस लोड होने की स्थिति में ही वह मौके पर पहुंचा था। इसी लापरवाही और विवाद के बीच गोली चलने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।
सड़क हादसे के बाद बातचीत, फिर अचानक चली गोली
घटनाक्रम के मुताबिक शनिवार रात करीब 8:30 बजे भाऊखेड़ी जोड़ के पास एक सड़क हादसे के बाद लोगों की आवाजाही और बातचीत चल रही थी। इसी दौरान सचिन और आरोपी भी वहां पहुंचे। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद की स्थिति बन गई। इसी बीच आरोपी की लोडेड राइफल से फायर हुआ। गोली सचिन के सिर में जा लगी और उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक फिलहाल किसी पुरानी बड़ी रंजिश के प्रमाण सामने नहीं आए हैं। घटना के पीछे तत्कालीन विवाद की भूमिका सामने आई है।
ये भी पढ़ें: सीहोर में युवक की मौत के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण, गोली मारकर हत्या का लगाया आरोप
पोस्टमार्टम में मिले नौ छर्रे, कपड़ों पर भी अहम साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक का पोस्टमार्टम भोपाल के हायर मेडिकल सेंटर में कराया गया। पूरे शरीर का एक्स-रे भी कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गन शॉट इंजरी की पुष्टि हुई है। चिकित्सकीय परीक्षण में सिर में गोली के करीब नौ छर्रे मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आरोपी के पहने कपड़ों पर खून और मांस के अवशेष भी मिले हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल 12 बोर की लाइसेंसी राइफल भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चोट और मृत्यु के कारणों की विस्तृत स्थिति और स्पष्ट होगी।
तीन घंटे चक्काजाम, गिरफ्तारी के लिए दिया था अल्टीमेटम
सचिन की मौत के बाद रविवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा था। आक्रोशित लोगों ने इछावर थाने के सामने इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर करीब तीन घंटे तक चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हत्या के आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। भाजपा युवा नेता अजय पटेल और कांग्रेस के पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल भी परिजनों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठित कर आरोपियों तक पहुंचने का भरोसा दिया था। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
फास्ट ट्रैक में सुनवाई कराने की तैयारी
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है। आरोपी के नशे में होने की आशंका सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना पूरी कर न्यायालय में चालान पेश किया जाएगा और मामले को फास्ट ट्रैक में चलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब वैज्ञानिक साक्ष्यों, गवाहों के बयान और जब्त सामग्री के आधार पर केस को मजबूत करने में जुटी है।




















