सोहागपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी, सांसद-विधायक ने किया निरीक्षण, प्लेटफॉर्म और सुरक्षा सुधार पर जोर
सोहागपुर। सोहागपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर रविवार को सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं विधायक विजयपाल सिंह राजपूत ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने रेल अधिकारियों से विभिन्न कार्यों को लेकर चर्चा की तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने प्लेटफार्म क्रमांक-2 को ऊंचा करने का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की बात कही। साथ ही रेलवे स्टेशन पर डिस्प्ले बोर्ड लगाने, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेलवे अधिकारियों को निर्देशित किया। प्लेटफार्म क्रमांक-1 के सौंदर्यीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। बताया गया कि इस कार्य के लिए लगभग चार करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है।
सोहागपुर में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन, 220 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
रामप्रसाद वार्ड में अंडरब्रिज की मांग पर निरीक्षण
रेलवे स्टेशन निरीक्षण के बाद सांसद एवं विधायक ने रामप्रसाद वार्ड में अंडरब्रिज बनाए जाने की मांग को लेकर मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को कच्ची सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों को बताया कि रेलवे ब्रिज के नीचे से आवागमन के लिए रास्ते की व्यवस्था होने से तिलक वार्ड, रामप्रसाद वार्ड सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा रेलवे समपार गेट पर ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता को लेकर भी सांसद एवं विधायक ने रेलवे अधिकारियों से चर्चा की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जरूरी कार्यों को प्राथमिकता से प्रस्तावित कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में पहल की जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. बबीता राठौर, तहसीलदार शक्ति श्री तोमर, नगर परिषद उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।























