कटनी में तेज रफ्तार का कहर, दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत; एक गंभीर घायल

कटनी। एक हादसा कटनी-शहडोल मुख्य मार्ग पर सुर्खी मोड़ के पास हुआ, जहां एक बाइक दो बसों की चपेट में आ गई। वहीं, दूसरी दुर्घटना हरदुआ बस स्टैंड के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया।
सुर्खी मोड़ के पास दो बसों की चपेट में आई बाइक
पहली घटना एनकेजे थाना क्षेत्र के कटनी-शहडोल मुख्य मार्ग पर सुर्खी मोड़ के पास हुई। ग्राम सुर्खी पौंडी निवासी तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दो बसों की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
ये भी पढ़ें: छुट्टी पर घर आए BSF जवान की सड़क हादसे में मौत, मां, पत्नी और मासूम बच्चे को छोड़ गए पीछे
कर्ण और अनुराग की मौके पर मौत
हादसे में बाइक सवार कर्ण कोल और अनुराग कोल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनका तीसरा साथी सावन कोल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की मदद से घायल सावन को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में घायल युवक का इलाज जारी
हादसे में गंभीर रूप से घायल सावन कोल का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। इस दर्दनाक घटना की खबर से लोग अभी उबर भी नहीं पाए थे कि कुछ ही देर बाद एक और भीषण सड़क हादसा हो गया। दूसरी दुर्घटना हरदुआ बस स्टैंड के पास हुई।
हरदुआ बस स्टैंड के पास ट्रक ने युवक को कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरदुआ बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया और उसे बुरी तरह कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस तरह रविवार को दोनों हादसों में कुल तीन युवकों की जान चली गई।
पुलिस ने शुरू की फरार वाहन चालकों की तलाश
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। साथ ही फरार वाहन चालकों की तलाश और दुर्घटनाओं के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




















