दिल्ली-NCR में मौसम ने फिर बदली करवट, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश; IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

नई दिल्ली। बारिश के बाद दिल्ली और आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी कई जगह बारिश हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बेहद जरूरी होने पर ही बारिश के दौरान घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। लगातार बारिश होने पर निचले इलाकों में जलभराव और सड़कों पर यातायात की रफ्तार धीमी होने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में तेज बारिश से राहत
राजधानी के कई हिस्सों में शुक्रवार को अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। गरज-चमक के साथ हुई झमाझम बारिश से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बारिश के खतरे को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है।
ये भी पढ़ें: बालाघाट में 30 बच्चों की मौत के दावे पर हाईकोर्ट सख्त, कहा-अखबार की खबर के आधार पर जनहित याचिका पर्याप्त नहीं
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली और एनसीआर में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए पहले जारी ऑरेंज अलर्ट को अब रेड अलर्ट में बदल दिया है। राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में 50 से 100 मिलीमीटर तक भारी बारिश हो सकती है।
तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा
बारिश के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और इनके झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
नोएडा-गाजियाबाद में भी बारिश
दिल्ली के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश हुई है। लगातार बारिश की स्थिति में निचले इलाकों में पानी भरने और सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार कम होने की आशंका है, हालांकि जन्माष्टमी के कारण स्कूल-कॉलेज और कई दफ्तर बंद रहने से सड़कों पर वाहनों का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में कम रहने की उम्मीद है।
निम्न दबाव क्षेत्र से बढ़ा असर
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ मानसून की अक्षीय रेखा भी सक्रिय है, जो श्रीगंगानगर से होते हुए निम्न दबाव वाले क्षेत्र तक गुजर रही है। इसी वजह से उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिल रहा है।
ये भी पढ़ें: UPI पेमेंट पर संकट! 15 सितंबर तक री-केवाईसी नहीं हुई तो ब्लॉक हो सकते हैं मर्चेंट अकाउंट
राजस्थान में भी भारी बारिश का अनुमान
राजस्थान के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज हुई, जिसमें सवाई माधोपुर के खंडार में सबसे ज्यादा 130 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।




















