Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘हम छुड़ाते रहे, वो मारते रहे’… प्रॉपर्टी विवाद में खूनी खेल? बंटी घड़ियाल की मौत, भाई दिलबाग भी गंभीर रूप से घायल

दिल्ली के पॉश कालकाजी इलाके में प्रॉपर्टी डीलर बंटी घड़ियाल की मौत से सनसनी फैल गई। परिवार का आरोप है कि देर रात कुछ लोगों ने बंटी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
‘हम छुड़ाते रहे, वो मारते रहे’… प्रॉपर्टी विवाद में खूनी खेल? बंटी घड़ियाल की मौत, भाई दिलबाग भी गंभीर रूप से घायल
बंटी घड़ियाल की मौत पर बवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के पॉश कालकाजी इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर की मौत के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बंटी घड़ियाल के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि बंटी को कई लोगों ने मिलकर बुरी तरह पीटा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि देर रात बिल्डिंग में रहने वाले कुछ लोगों के बीच हाथापाई हुई थी और इसी दौरान बंटी बिल्डिंग से नीचे गिर गया। घटना दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी थाना क्षेत्र के L-8 इलाके की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

परिवार का आरोप- कई लोगों ने मिलकर पीटा

बंटी घड़ियाल की बहन ने आरोप लगाया कि रात में उन्हें जानकारी मिली कि उनके भाई के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं। उनका दावा है कि वहां कई लोग बंटी को पीट रहे थे और उनके साथ एक महिला भी मौजूद थी। परिवार के मुताबिक, बंटी को इतनी बुरी तरह पीटा गया कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने बंटी को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनकी बात नहीं सुनी। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रॉपर्टी को लेकर बंटी का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

राजेंद्र उर्फ रज्जी चौधरी पर आरोप

मृतक के परिवार ने राजेंद्र उर्फ रज्जी चौधरी पर बंटी के साथ मारपीट करने और दूसरे लोगों से भी उसे पिटवाने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि विवाद के दौरान बंटी को निशाना बनाया गया। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले को जांच के दायरे में लिया है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

भाई को बचाने पहुंचे दिलबाग भी घायल

इस घटना में बंटी के भाई दिलबाग सिंह भी घायल हुए हैं। परिवार के मुताबिक, जब दिलबाग को पता चला कि उनके भाई के साथ मारपीट हो रही है, तो वह तुरंत मौके पर पहुंचे। दिलबाग का आरोप है कि वहां पहुंचते ही उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी गई। उनके पैर में गंभीर चोट आई है और मुंह पर भी चोट लगी है। उन्होंने दावा किया कि जब वह वहां पहुंचे, तब तक बंटी की जान जा चुकी थी।

CCTV फुटेज की जांच कर रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने बिल्डिंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस फुटेज की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद कैसे शुरू हुआ, बंटी बिल्डिंग से कैसे नीचे गिरा और उस समय मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिवार के आरोप, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts