PlayBreaking News

देहरादून के पैनेसिया अस्पताल में लगी आग :ICU में भरा धुआं, महिला मरीज की मौत; 14 दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट

देहरादून के पैनेसिया सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में ICU के AC में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। धुएं के कारण 55 वर्षीय महिला मरीज की मौत हो गई, जबकि कई मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट करना पड़ा। प्रशासन ने जांच शुरू कर इमरजेंसी वार्ड सीज कर दिया है।
Follow on Google News
ICU में भरा धुआं, महिला मरीज की मौत; 14 दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट
देहरादून के पैनेसिया सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में आग लगी।

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रिस्पना पुल स्थित पैनेसिया सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ICU में लगे AC में शॉर्ट सर्किट और ब्लास्ट को माना जा रहा है। हादसे में ICU में भर्ती 55 वर्षीय महिला मरीज वीरवती की मौत हो गई, जबकि कई मरीजों को गंभीर हालत में दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट करना पड़ा।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए। धुएं से पूरा ICU वार्ड भर गया था, जिससे मरीजों को सांस लेने में भारी दिक्कत होने लगी।

ICU में फैला धुआं, मरीजों में मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक हादसे के समय ICU में 5 से 6 मरीज भर्ती थे, जबकि पूरे अस्पताल में करीब 14 से 15 मरीज मौजूद थे। सुबह अचानक ICU के अंदर लगे AC से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग फैल गई और वार्ड धुएं से भर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले लोगों ने खिड़कियों से धुआं निकलता देखा। जब पर्दे हटाए गए तो ICU के अंदर आग दिखाई दी। इसके बाद अस्पताल स्टाफ ने तुरंत मरीजों को बाहर निकालना शुरू किया।

कुछ मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के जरिए बाहर लाया गया, जबकि कई मरीजों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से दूसरे अस्पतालों में पहुंचाया गया।

दम घुटने से महिला मरीज की मौत

हादसे में कांवली गांव निवासी 55 वर्षीय वीरवती की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला की मौत आग से झुलसने की बजाय दम घुटने से हुई है। हालांकि प्रशासन ने मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद करने की बात कही है। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे के अनुसार, मौके पर किसी भी मरीज के झुलसने जैसी स्थिति नहीं मिली। धुएं की वजह से मरीजों को सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।

कई मरीजों की हालत गंभीर

आग लगने के बाद कई मरीजों को कैलाश अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि, कैलाश अस्पताल में भर्ती कराए गए छह मरीजों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। रेस्क्यू के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों और अस्पताल स्टाफ को भी धुएं के कारण परेशानी हुई।

5 से 7 मिनट में पहुंची फायर टीम

चीफ फायर ऑफिसर अभिनव त्यागी ने बताया कि, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम 5 से 7 मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गई थी। दमकल कर्मियों ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और आग को ICU वार्ड तक सीमित रखा। फायर टीम ने पूरे अस्पताल में आग फैलने से पहले ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि, समय रहते मरीजों को बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया।

Breaking News

अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं सीज

घटना के बाद पुलिस, फायर विभाग और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। प्रशासन ने फिलहाल अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं को सीज कर दिया है। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे और IG गढ़वाल ने अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया। वहीं फायर विभाग अस्पताल के सेफ्टी सिस्टम और बिजली उपकरणों की जांच कर रहा है।

फायर सेफ्टी इंतजामों पर उठे सवाल

हालांकि CFO अभिनव त्यागी ने कहा कि. अस्पताल में प्रथम दृष्टया फायर सेफ्टी के जरूरी इंतजाम मौजूद थे। अस्पताल में तीन इमरजेंसी एग्जिट, फायर एक्सटिंग्विशर, स्मोक सेंसर और होज रील जैसी सुविधाएं लगी थीं। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल और ट्रेनिंग की वजह से अस्पताल स्टाफ को आग लगने की स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की जानकारी थी। इसके बावजूद हादसे ने देहरादून के निजी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच में क्या सामने आ सकता है?

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह AC ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। अब प्रशासन अस्पताल के इलेक्ट्रिकल सिस्टम, फायर सेफ्टी उपकरणों और आपदा प्रबंधन तैयारियों की विस्तृत जांच करेगा। इसके अलावा यह भी देखा जाएगा कि ICU जैसे संवेदनशील वार्ड में आग से निपटने के लिए क्या पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts