Datia By Election:दतिया में कांग्रेस की बंपर जीत, BJP को 6 हजार से ज्यादा वोटों से दी करारी मात

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की है। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 6 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराकर सीट अपने नाम कर ली। मतगणना के शुरुआती दौर में बीजेपी आगे चल रही थी, लेकिन बाद के राउंड में कांग्रेस ने बढ़त बनाई और आखिर तक उसे बरकरार रखते हुए जीत हासिल की।इस जीत ने प्रदेश की राजनीति में कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजनीतिक रूप से बीजेपी के लिए बड़ा झटका
यह नतीजा प्रदेश की सत्ता के समीकरण नहीं बदलेगा, लेकिन राजनीतिक रूप से बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। खास बात यह है कि पिछली बार इसी सीट पर गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को हार का सामना करना पड़ा था और अब लगातार दूसरी बार बीजेपी दतिया सीट बचाने में नाकाम रही है। इससे पार्टी के लिए आत्ममंथन की स्थिति बन सकती है। वहीं, कांग्रेस के लिए यह जीत उत्साह बढ़ाने वाली है। हालांकि चुनाव से पहले पार्टी में अंदरूनी कलह भी खुलकर सामने आई थी। पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त किए जाने के बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व और उम्मीदवार पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बावजूद कांग्रेस ने सभी चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए दतिया उपचुनाव में निर्णायक जीत दर्ज कर ली।

10वें राउंड में कांग्रेस को मिली बड़ी बढ़त
मतगणना के 10वें राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह को 5,349 वोट मिले, जबकि बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 3,957 वोट हासिल हुए। इस राउंड में कांग्रेस ने 1,392 वोटों की बढ़त बनाई, जिससे कुल बढ़त और मजबूत हो गई।
12वें राउंड में भी नहीं थमी कांग्रेस की बढ़त
इसके बाद 12वें राउंड में भी कांग्रेस का प्रदर्शन मजबूत रहा। इस राउंड में घनश्याम सिंह को 4,248 वोट, जबकि आशुतोष तिवारी को 3,841 वोट मिले। कांग्रेस ने इस चरण में भी 407 वोटों की बढ़त हासिल कर अपनी जीत की ओर कदम और तेज कर दिए। यह नतीजा बीजेपी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी लगातार दूसरी बार इस सीट को बचाने में नाकाम रही।
खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है...











