सिवनी: बालपुर माल में स्वच्छता व्यवस्था बदहाल,सड़क पर बह रहा गंदा पानी; राहगीर परेशान
लखनादौन। गांव में नालियों के अभाव में गंदा पानी सीधे सड़कों पर बह रहा है। ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर नाली निर्माण के नाम पर खर्च की गई राशि की जांच कराने और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
गांव की सड़कों पर बह रहा घरों का गंदा पानी
ग्राम पंचायत बालपुर माल में मौसम साफ होने के बावजूद सड़कों पर घरों से निकलने वाला गंदा पानी बह रहा है। नालियों की व्यवस्था नहीं होने से पानी सीधे सड़क पर आ रहा है, जिससे पूरे गांव में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: सीहोर में नलों से उगल रहा गंदा पानी, क्या इंदौर जैसी त्रासदी का इंतज़ार कर रहा नपा प्रशासन?
नाली निर्माण की राशि खर्च होने के बावजूद काम नहीं दिखा
गांव की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि नाली निर्माण के लिए पंचायत स्तर पर राशि खर्च होने की बात कही जाती है, लेकिन धरातल पर काम दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में सरपंच और सचिव की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
सरपंच पति का जवाब- हम कुछ नहीं कर सकते
समस्या को लेकर जब सरपंच पति से बात की गई, तो उनके द्वारा कहा गया कि, हम कुछ नहीं कर सकते हैं। जिम्मेदार जनप्रतिनिधि से समाधान की उम्मीद लगाए बैठे ग्रामीणों को इस तरह का जवाब मिलने से निराशा हुई है।
बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी
सड़कों पर गंदा पानी बहने से ग्रामीणों, राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। वहीं, गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
प्रशासन से जांच और नाली निर्माण कराने की मांग
ग्रामीणों का सवाल है कि जब पंचायत में विकास और स्वच्छता के लिए बजट आता है, तो गांव की बुनियादी समस्या का समाधान क्यों नहीं हो रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण कराने, नाली निर्माण के नाम पर खर्च राशि की जांच करने और तत्काल नाली निर्माण व जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब संज्ञान लेकर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करता है और गांव को गंदगी से मुक्ति दिलाता है।






















