यूपी में नगर निकाय मतदाता सूची पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, मकान नंबर गड़बड़ी से जुड़ी याचिका खारिज

नई दिल्ली। सीजेआई सूर्यकांत की अगुवाई वाली तीन जजों की बेंच ने कहा कि मतदाता सूची में सुधार की मांग आमतौर पर जनहित याचिका के जरिए सामूहिक रूप से नहीं उठाई जा सकती। याचिकाकर्ता ने नगर निकाय की वोटर लिस्ट को विधानसभा और लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची के अनुरूप करने की मांग की थी। वहीं, यूपी में 18-19 साल के युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए स्कूल-कॉलेजों में विशेष अभियान चलाने की तैयारी है।
नगर निकाय वोटर लिस्ट की गड़बड़ी पर PIL खारिज
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूचियों में मकान नंबरों की गड़बड़ी ठीक कराने की मांग वाली जनहित याचिका खारिज कर दी। सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने कहा कि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि को ठीक कराने का अधिकार व्यक्तिगत होता है।
ये भी पढ़ें: यूपी की वोटर लिस्ट से एक करोड़ से ज्यादा हिंदू मतदाताओं के नाम गायब, सीएम योगी का दावा
कोर्ट बोला- सुधार के लिए मतदाताओं को खुद आना होगा
सुनवाई के दौरान जस्टिस बागची ने कहा कि मतदाता सूची में सुधार का अधिकार व्यक्तिगत है और इसे जनहित याचिका के रूप में पेश नहीं किया जा सकता। नगर निकाय की मतदाता सूची के लिए भी अपने नियम हैं, इसलिए संबंधित लोगों को खुद आगे आकर सुधार की मांग करनी चाहिए। सामूहिक स्तर पर ऐसा मामला तभी उठाया जा सकता है, जब उसका असर पूरे राज्य पर हो।
याचिकाकर्ता ने मकान नंबर बदलने का उठाया मुद्दा
याचिकाकर्ता रुचि कौशिक ने कोर्ट में दलील दी कि नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची में कई मकानों के नंबर बदल गए हैं। इसलिए इन सूचियों को लोकसभा और विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल होने वाली मतदाता सूचियों के अनुरूप किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आवेदन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
नगरपालिका वोटर लिस्ट के अपने नियम
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि नगरपालिका की मतदाता सूचियां अपने अलग नियमों के तहत तैयार और संचालित होती हैं। ऐसे में मतदाता सूची में सुधार कराने के लिए संबंधित लोगों को चुनाव अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए। कोर्ट ने व्यक्तिगत अधिकार से जुड़े इस मामले को जनहित याचिका के जरिए उठाने पर सहमति नहीं जताई।
यूपी में 18-19 साल के युवाओं को जोड़ने के लिए चलेगा अभियान
उत्तर प्रदेश में नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) को सक्रिय किया जाएगा। अभियान में NSS, NCC, नेहरू युवा केंद्र, युवक मंगल दल और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की मदद ली जाएगी। पात्र विद्यार्थियों को फॉर्म-6 भरने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
विधानसभा और निकाय वोटर लिस्ट का होगा मिलान
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विधानसभा की मतदाता सूची का पंचायत और शहरी निकायों की मतदाता सूचियों से मिलान किया जाएगा। इसमें ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पंचायत या नगर निकाय की सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। ऐसे लोगों से फॉर्म-6 भरवाकर उन्हें विधानसभा की मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।




















