Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सोहागपुर में ट्रैक्टर चालक से रास्ता रोककर मांगे रुपए; कुल्हाड़ी से हमला कर ट्रैक्टर में की तोड़फोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर में ट्रैक्टर चालक का रास्ता रोककर रुपए मांगने, मारपीट करने और कुल्हाड़ी से हमला कर ट्रैक्टर में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रुपए देने से इनकार करने पर चालक के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और कुल्हाड़ी जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
सोहागपुर में ट्रैक्टर चालक से रास्ता रोककर मांगे रुपए; कुल्हाड़ी से हमला कर ट्रैक्टर में की तोड़फोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
सोहागपुर पुलिस ने अड़ीबाजी कर तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सोहागपुर। रास्ते में रोककर रुपए मांगने और विरोध करने पर मारपीट व तोड़फोड़ करने का मामला सोहागपुर में सामने आया है। ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहे चालक को तीन युवकों ने रेलवे फाटक के पास रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और फिर रुपए देने का दबाव बनाया। मना करने पर हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की और कुल्हाड़ी से हमला कर ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर दी। मामले में सोहागपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और कुल्हाड़ी भी जब्त की है।

बाइक अड़ाकर रोका रास्ता, रुपए देने से इनकार पर किया हमला 

पुलिस के अनुसार, ग्राम रिछेड़ा निवासी सुनीत पिता राजेश पालीवाल (25) ने 22 नवंबर को थाना सोहागपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 21 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे वह शोभापुर से ट्रैक्टर लेकर अपने गांव रिछेड़ा जा रहा था। इसी दौरान ग्राम निवारी स्थित रेलवे फाटक के पास ग्राम भट्टी निवासी अरुण पूर्विया, रितिक उर्फ रितेश पूर्विया और निशांत पूर्विया मोटरसाइकिल से पहुंचे। तीनों ने ट्रैक्टर के सामने मोटरसाइकिल अड़ाकर उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए रुपए मांगे। सुनीत के मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद कुल्हाड़ी से हमला कर ट्रैक्टर में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर में ट्रैक्टर-बाइक की भिड़ंत, 20 वर्षीय युवक की मौत, अस्पताल में दूसरे घायल ने भी दम तोड़ा

तीनों आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल और कुल्हाड़ी जब्त 

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए अरुण पिता प्रभुदयाल पूर्विया, रितिक उर्फ रितेश पिता विनय कुमार पूर्विया और निशांत उर्फ निरंजन उर्फ भैय्यू पिता सुनील ठाकुर, तीनों निवासी ग्राम भट्टी, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और कुल्हाड़ी जब्त की। इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस टीम की रही कार्रवाई में भूमिका 

आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त सामग्री जब्त करने की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, एसआई विवेक यादव, एसआई राहुल पटेल, एएसआई हरपाल सिंह चौहान, एएसआई गणेश राय, प्रधान आरक्षक साजिद अली, भूपेश मिश्रा तथा आरक्षक राममोहन रजक, अंकुश कौरव, मनोहर दायमा, सुनील ओझा, अजमेर सिंह परिहार, अफसर खान, संतोष टेकाम, अभिषेक गोलिया, राजेंद्र तोमर, अजय चौधरी, साइबर आरक्षक दीपेश सोलंकी और प्रशांत राजपूत की भूमिका रही।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर में मोटरसाइकिल पर तलवार और चाकू लेकर घूम रहे 3 युवक गिरफ्तार, 41 हजार का मशरूका जब्त

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...

Latest Posts